कर्नाटक में Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket पर बड़ा एक्शन! जहरीले धतूरे की बिक्री पर लाइसेंस सस्पेंड
कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने जहरीले धतूरे की ऑनलाइन बिक्री के मामले में Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket पर कार्रवाई की है। जांच में धतूरे के फल और बीज फूड लाइसेंस नंबर के साथ बिक्री के लिए मिले, जिसके बाद तीनों प्लेटफॉर्म्स के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिए गए।

In Short
- Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए।
- कुछ प्रोडक्ट्स FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ खाद्य पदार्थ की तरह लिस्ट किए गए थे।
- कंपनियों को धतूरे के फल और बीजों से जुड़ी ऑनलाइन लिस्टिंग हटाकर अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने को कहा गया है।
कर्नाटक में जहरीले धतूरे की ऑनलाइन बिक्री को लेकर बड़ा एक्शन हुआ है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के तहत आने वाले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए हैं। यह कार्रवाई धतूरे के फल और बीजों को ऑनलाइन खाद्य उत्पाद के रूप में लिस्ट और बेचने के मामले में की गई है।
जांच में क्या मिला
विभाग ने पहले इन प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे से जुड़े प्रोडक्ट्स की ऑनलाइन लिस्टिंग और बिक्री की जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए जिनमें धतूरे के फल और बीज FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ खाने वाले प्रोडक्ट्स की तरह दिखाए जा रहे थे।
अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में ऐसे पैकेट भी मिले जिन पर फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज थे और उन्हें ऑनलाइन बिक्री या डिलीवरी के लिए रखा गया था।
धतूरा क्यों बना चिंता की वजह
विभाग का कहना है कि धतूरा जहरीला होता है और इसे खाने से स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान हो सकता है। इसी वजह से इसे खाद्य पदार्थ की तरह बेचना या स्टोर करना खतरे वाला माना गया।
सुनवाई के दौरान Amazon की तरफ से कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया। Swiggy Instamart ने नोटिस पर की गई कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज देने के लिए और समय मांगा। वहीं BigBasket ने बताया कि उसने धतूरे के फलों की बिक्री रोक दी है और आगे से लेबल पर साफ तौर पर “NOT FOR HUMAN CONSUMPTION” लिखा जाएगा।
जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ विभाग
खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने इन जवाबों को पर्याप्त नहीं माना। विभाग ने कहा कि जहरीले धतूरे को मानव उपभोग के लिए उपलब्ध कराना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
आदेश में सभी संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर्स को धतूरे के फल और बीजों से जुड़ी ऑनलाइन लिस्टिंग और विज्ञापन तुरंत हटाने या सस्पेंड करने को कहा गया है।
अगले आदेश तक लाइसेंस निलंबित
Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक अस्थायी रूप से सस्पेंड रहेंगे। कंपनियों को जल्द अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करनी होगी। लाइसेंस दोबारा बहाल करने पर अलग सुनवाई और आदेश के बाद फैसला होगा।
इसके अलावा इन प्लेटफॉर्म्स को धतूरा सप्लाई करने वाले विक्रेताओं और सप्लायर्स के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन होने पर Food Safety and Standards Act, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे कार्रवाई की जाएगी।