Janmashtami 2026, घर में ऐसे सजाएं लड्डू गोपाल का मंदिर, ये 8 आइडिया आएंगे बेहद काम

आज जन्माष्टमी पर घर को कृष्णमय बनाने के लिए महंगी सजावट की जरूरत नहीं है। कुछ आसान और खूबसूरत आइडिया से आप घर में ही कृष्ण झूला, माखन मटकी, फूलों की रंगोली और मिनी वृंदावन तैयार कर सकते हैं। जानिए घर सजाने के ऐसे 8 तरीके, जो त्योहार की रौनक बढ़ा देंगे।

Advertisement

In Short

  • जन्माष्टमी 2026 पर घर को कृष्ण झूला और माखन मटकी से सजाएं।
  • मोर पंख और फूलों की रंगोली से घर को दें खूबसूरत कृष्णमय लुक।
  • लड्डू गोपाल के लिए बनाएं फूलों का मंडप और घर में सजाएं मिनी वृंदावन।

By Gaurav Kumar:

कृष्ण जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा की जेल में देवकी और वासुदेव के घर हुआ था। उस समय मथुरा पर राजा कंस का अत्याचार था, जो देवकी के भाई थे। श्रीकृष्ण का जन्म बुराई पर अच्छाई की जीत और धर्म की स्थापना का प्रतीक माना जाता है।

आज जन्माष्टमी के मौके पर लोग घरों में भगवान कृष्ण के स्वागत के लिए खास सजावट करते हैं। अगर आप भी अपने घर को पारंपरिक रंग के साथ खूबसूरत और आकर्षक बनाना चाहते हैं, तो ये 8 सजावट के तरीके अपना सकते हैं।

कृष्ण झूला बनाएं सेंटरपीस

जन्माष्टमी की सजावट में बाल कृष्ण के लिए झूला खास आकर्षण हो सकता है। इसके लिए लकड़ी या धातु का झूला इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे सिल्क या वेलवेट के कपड़ों से सजाएं। नीले, पीले या लाल रंग के कपड़े इसके लिए अच्छे रहेंगे। झूले पर गेंदे और चमेली के फूलों की माला, फेयरी लाइट्स और मोर पंख भी लगाए जा सकते हैं। इसमें कृष्ण की मूर्ति रखकर पूजा के दौरान झूला धीरे-धीरे झुलाया जा सकता है।

(Photo: Aaj Tak)

मोर पंख से सजाएं घर

भगवान श्रीकृष्ण के साथ मोर पंख का खास संबंध माना जाता है। इसे फूलदान में लगाया जा सकता है या झूले और पूजा की जगह को सजाने में इस्तेमाल किया जा सकता है। रंगोली में भी मोर पंख की डिजाइन बनाई जा सकती है। नीले और हरे रंग के पर्दों या मोर पंख वाली सजावटी डिजाइन से बैकड्रॉप तैयार किया जा सकता है।

फूलों से बनाएं रंगोली

घर के प्रवेश द्वार या पूजा वाली जगह पर रंग-बिरंगी रंगोली बनाई जा सकती है। इसके लिए रंगीन पाउडर या फूलों की पंखुड़ियों का इस्तेमाल करें। रंगोली में कृष्ण के पैरों के निशान, बांसुरी या मोर की आकृति बनाई जा सकती है। इसके आसपास छोटे दीये रखने से शाम के समय सजावट और खूबसूरत लगेगी।

(Photo: Aaj Tak)

 

माखन मटकी से दें खास लुक

जन्माष्टमी की सजावट में माखन मटकी भी शामिल कर सकते हैं। मिट्टी की मटकी को चमकीले रंगों से पेंट करके उस पर ग्लिटर और सजावटी सामान लगाया जा सकता है। इसके साथ बांसुरी रखी जा सकती है। मटकी में माखन भरकर इसे मंदिर में सजाने से यह सजावट का खास हिस्सा बन सकती है।

फेयरी लाइट्स और दीयों से रोशन करें घर

खिड़कियों, दरवाजों या पूजा की जगह पर गर्म रोशनी वाली फेयरी लाइट्स लगाई जा सकती हैं। इनके साथ मिट्टी के दीये या पीतल के दीपक रखें। नीली और पीली रोशनी कृष्ण के रंगों के साथ मेल खाएगी और घर में खूबसूरत माहौल बनाएगी।

(Photo: Aaj Tak)

घर में बनाएं मिनी वृंदावन

घर के किसी कोने को मिनी वृंदावन की तरह सजाया जा सकता है। इसके लिए आर्टिफिशियल घास, छोटी गायों की मूर्तियां और पानी का फाउंटेन इस्तेमाल करें। फाउंटेन से यमुना नदी जैसा लुक दिया जा सकता है। साथ में तुलसी का पौधा और मोर पंख वाला बैकड्रॉप लगाया जा सकता है।

लड्डू गोपाल के लिए बनाएं फूलों का मंडप

कृष्ण की मूर्ति के लिए गेंदे, गुलाब और चमेली के फूलों से छोटा मंडप बनाया जा सकता है। फूलों की मालाएं लटकाकर या रंगीन कपड़ों से कैनोपी बनाकर इसे सजाएं। इसमें छोटी घंटियां लगाने से सजावट के साथ हल्की मधुर आवाज भी आएगी।

(Photo: Amazon.in)

सजावट में शामिल करें बांसुरी

भगवान कृष्ण की पहचान से जुड़ी बांसुरी को भी सजावट का हिस्सा बनाया जा सकता है। रंगीन बांसुरी पर मोती, शीशे या लटकन लगाकर उसे सजाएं। इन्हें कृष्ण की मूर्ति या पूजा की जगह के पास लटकाया जा सकता है। टेबल पर भी बांसुरी रखकर सजावट को खास बनाया जा सकता है।

Read more!
Advertisement