जैसलमेर रेलवे स्टेशन हुआ पूरी तरह मॉडर्न, यात्रियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं

जैसलमेर रेलवे स्टेशन अब पूरी तरह नए रूप में तैयार है। ₹140 करोड़ की लागत से बने इस स्टेशन पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। 10 लिफ्ट, 10 एस्केलेटर, हेरिटेज लुक, वेटिंग लाउंज, पार्किंग और रेल कोच रेस्टोरेंट जैसी खासियतों के बारे में जानिए।

Advertisement

In Short

  • ₹140 करोड़ की लागत से जैसलमेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है।
  • स्टेशन पर 10 लिफ्ट 10 एस्केलेटर और आधुनिक वेटिंग लाउंज की सुविधा मिलेगी।
  • यात्रियों के लिए रेल कोच रेस्टोरेंट पार्किंग रिटायरिंग रूम और डॉरमेटरी भी तैयार हैं।

By Gaurav Kumar:

Jaisalmer Railway Station: राजस्थान के प्रमुख पर्यटन शहर जैसलमेर का रेलवे स्टेशन अब नए और आधुनिक रूप में तैयार हो गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब ₹140 करोड़ की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। यहां आने वाले यात्रियों को अब लिफ्ट, एस्केलेटर, फूड प्लाजा, आधुनिक वेटिंग एरिया और बड़ी पार्किंग जैसी एयरपोर्ट स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।

स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ ही इसके डिजाइन में जैसलमेर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का भी पूरा ध्यान रखा गया है। नया स्टेशन पश्चिमी राजस्थान की नई पहचान के रूप में सामने आएगा।

पीले पत्थरों से तैयार हुआ मुख्य भवन

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक, जैसलमेर रेलवे स्टेशन का नया मुख्य भवन G+2 संरचना में बनाया गया है। यह भवन करीब 8,327 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।

Image Credit: Aaj Tak

स्टेशन के बाहरी हिस्से में जैसलमेर के मशहूर सुनहरे पीले पत्थर का इस्तेमाल किया गया है। इससे भवन को शहर की पुरानी इमारतों जैसा हेरिटेज लुक मिला है। स्टेशन पर बनाए गए बड़े प्रवेश और निकास द्वार भी इसकी खूबसूरती को बढ़ाते हैं।

यात्रियों के लिए 10 लिफ्ट और 10 एस्केलेटर

स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 10 लिफ्ट और 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं। अलग-अलग प्लेटफॉर्म को जोड़ने के लिए 6 मीटर चौड़े दो फुट ओवरब्रिज भी बनाए गए हैं।

Image Credit: Aaj Tak

इसके अलावा स्टेशन पर बड़ा खुला हॉल, यात्रियों के बैठने के लिए आधुनिक वेटिंग रूम और गाड़ियों के लिए सही तरीके से तैयार पार्किंग की सुविधा दी गई है। स्टेशन को इस तरह बनाया गया है कि दिव्यांग यात्रियों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।

तीनों प्लेटफॉर्म पर 10 हजार वर्गमीटर से ज्यादा क्षेत्र में आधुनिक शेड लगाए गए हैं। इससे यात्रियों को गर्मी, धूप और दूसरे मौसम में बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

पर्यटकों की भीड़ के हिसाब से तैयार हुई सुविधाएं

जैसलमेर में हर साल लाखों पर्यटक घूमने आते हैं। पर्यटन सीजन में स्टेशन पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए स्टेशन परिसर में कियोस्क, रिटायरिंग रूम, डॉरमेटरी और आधुनिक वेटिंग लाउंज तैयार किए गए हैं।

Image Credit: Aaj Tak

एयर कॉनकोर्स के पास मल्टी-पर्पज हॉल और वाहन पार्किंग की सुविधा भी विकसित की गई है। इससे यात्रियों को स्टेशन पर रुकने और अपने वाहन खड़े करने में आसानी होगी।

रेल कोच रेस्टोरेंट और कैटरिंग स्टॉल भी मिलेंगे

जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट और कैटरिंग स्टॉल भी तैयार किए गए हैं। इन सुविधाओं से यात्रियों को स्टेशन परिसर में खाने-पीने के बेहतर विकल्प मिलेंगे। साथ ही रेलवे की आय में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

Image Credit: Aaj Tak

नए रूप में तैयार जैसलमेर रेलवे स्टेशन यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने के साथ क्षेत्र के पर्यटन, स्थानीय व्यापार और दूसरी आर्थिक गतिविधियों को भी रफ्तार देगा।

Read more!
Advertisement