कैप्टन स्मित की बहादुरी का इजरायल भी हुआ मुरीद! 180 लोगों की जान बचाने पर करेगा सम्मानित

भारतीय कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की चर्चा अब इजरायल में हो रही है। फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट को बड़े हादसे से बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले कैप्टन स्मित को इजरायल सम्मानित करेगा। साथ ही फ्लाइट बचाने में मदद करने वाले चार इजरायली नागरिकों को भी सम्मान देने की तैयारी है।

Advertisement

In Short

  • भारतीय कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को इजरायल करेगा सम्मानित।
  • कैप्टन स्मित ने फ्लाइट में सवार करीब 180 लोगों की जान बचाने में निभाई अहम भूमिका।
  • फ्लाइट बचाने में मदद करने वाले चार इजरायली नागरिकों को भी सम्मानित करने की तैयारी।

By Sonam:

फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट को क्रैश होने से बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को इजरायल सम्मानित करेगा। भारत में इजरायल के राजदूत रुवेन अजार ने आजतक से खास बातचीत में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इजरायल के राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री और आम लोगों तक हर कोई कैप्टन स्मित की बहादुरी की चर्चा कर रहा है।

इजरायल करेगा कैप्टन स्मित का सम्मान

रुवेन अजार ने कहा कि इजरायल अपने दोस्तों को नहीं भूलता और संकट के समय उसके साथ खड़े रहने वालों का सम्मान करता है। उनके मुताबिक, कैप्टन स्मित ने विमान और उसमें सवार करीब 180 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

राजदूत ने कहा कि 7 अक्टूबर के आतंकी हमले की तीसरी बरसी के करीब एक और बड़ा आतंकी हमला टल गया। संभावित खतरे को देखते हुए इजरायल ने फाइटर जेट्स भी हवा में भेजे थे।

सुरक्षा बैठक में थे बेंजामिन नेतन्याहू

रुवेन अजार के मुताबिक, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी विमान से पैदा हुए खतरे को लेकर सुरक्षा बैठक में थे। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित की बहादुरी की वजह से एक बड़ा हादसा होने से बच गया और इजरायल उनकी वीरता को जरूर सम्मानित करेगा।

चार इजरायली नागरिकों को भी मिलेगा सम्मान

फ्लाइट में हालात संभालने में मदद करने वाले चार इजरायली नागरिकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने यानिव हयून, डॉ. शोता मुसायेव, त्विका मैन्स और आसफ रेजवान को प्रेसिडेंट मेडल फॉर सिविलियन हीरोइज्म देने की सिफारिश करने की बात कही है।

हर्जोग ने चारों लोगों से बातचीत भी की। ये सभी बुधवार को FZ1073 फ्लाइट में हुई हिंसक घटना के दौरान हालात संभालने वालों में शामिल थे।

फ्लाइट में क्या हुआ था?

फ्लाईदुबई की फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान को-पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद विमान तेजी से ऊंचाई खोने लगा। ऐसे समय में यात्रियों और क्रू ने मिलकर विमान का कंट्रोल वापस पाने में मदद की।

चारों इजरायली नागरिकों ने भी विमान को सुरक्षित बचाने में अहम भूमिका निभाई। बाद में FZ1073 फ्लाइट को सऊदी अरब डायवर्ट किया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

घटना के बाद भारतीय कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी और विमान में मौजूद यात्रियों की भूमिका इजरायल में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Read more!
Advertisement