क्या फर्टिलाइजर से बीमार हो रही है मिट्टी? डॉ. एसके चौधरी ने बताया कैसे बच सकती है धरती की सेहत

क्या खेतों में फर्टिलाइजर का इस्तेमाल मिट्टी की सेहत बिगाड़ रहा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में डॉ. एसके चौधरी ने 70 साल की रिसर्च का हवाला देते हुए कई अहम बातें बताईं। जानिए मिट्टी और फर्टिलाइजर का असली संबंध।

Advertisement

In Short

  • डॉ. एसके चौधरी ने मिट्टी की सेहत और फर्टिलाइजर के इस्तेमाल को लेकर 70 साल की रिसर्च का हवाला दिया।
  • नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम का संतुलित इस्तेमाल मिट्टी और फसल दोनों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
  • मिट्टी की सेहत बिगड़ने के लिए सिर्फ फर्टिलाइजर नहीं, पोषक तत्वों का असंतुलित इस्तेमाल भी जिम्मेदार है।

By Gungun Mishra:

खेती में फर्टिलाइजर का इस्तेमाल जरूरी है या इससे मिट्टी की सेहत खराब हो रही है? यह सवाल लंबे समय से चर्चा में है। एक तरफ किसान अच्छी पैदावार के लिए उर्वरकों का इस्तेमाल करते हैं, तो दूसरी तरफ मिट्टी की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता जताई जाती है। इसी मुद्दे पर किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में फर्टिलाइजर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के डायरेक्टर जनरल डॉ. एसके चौधरी ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि मिट्टी की सेहत बिगड़ने के पीछे सिर्फ फर्टिलाइजर को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है।

क्या सच में फर्टिलाइजर से खराब होती है मिट्टी?

कॉन्फ्रेंस में 'फसल के दोस्त: सही वक्त, सही मात्रा, सही चुनाव' सेशन के दौरान डॉ. एसके चौधरी से पूछा गया कि जब फर्टिलाइजर के नुकसान को लेकर चिंता है, लेकिन किसान इसके बिना खेती करने को तैयार नहीं हैं, तो मिट्टी की सेहत को कैसे बेहतर रखा जा सकता है?

इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि क्या उर्वरकों का इस्तेमाल वास्तव में मिट्टी को बीमार बना रहा है या समस्या कुछ और है।

70 साल के रिसर्च में क्या सामने आया?

डॉ. चौधरी ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद करीब 70 वर्षों से एक रिसर्च प्रोजेक्ट चला रही है। इसका नाम 'ऑल इंडिया कोऑर्डिनेटेड रिसर्च प्रोजेक्ट ऑन लॉन्ग टर्म फर्टिलाइजर एक्सपेरिमेंटेशन' है।

उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लंबे समय के आंकड़े बताते हैं कि अगर नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे पोषक तत्वों का संतुलित मात्रा में इस्तेमाल किया जाए, तो फर्टिलाइजर नुकसान के बजाय खेती के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

सही मात्रा में फर्टिलाइजर इस्तेमाल करना जरूरी

डॉ. चौधरी के मुताबिक, खेती में सिर्फ नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम ही नहीं, बल्कि सेकेंडरी न्यूट्रिएंट्स, माइक्रोन्यूट्रिएंट्स और ऑर्गेनिक तत्वों का भी सही तालमेल होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब इन सभी का संतुलित इस्तेमाल किया जाता है, तो मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा भी कम नहीं होती। इसके साथ फसल की पैदावार और उसकी क्वालिटी भी बेहतर बनी रहती है।

फर्टिलाइजर नहीं, असंतुलित इस्तेमाल है बड़ी समस्या

डॉ. एसके चौधरी ने साफ किया कि असली परेशानी फर्टिलाइजर का इस्तेमाल नहीं, बल्कि पोषक तत्वों का सही अनुपात में इस्तेमाल न करना है।

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से खेती में यह संतुलन नहीं बन पा रहा है। इसी वजह से मिट्टी से जुड़ी कई समस्याएं सामने आ रही हैं, लेकिन इनका पूरा दोष फर्टिलाइजर पर डाल दिया जाता है।

उनके मुताबिक, फर्टिलाइजर अपने आप में अभिशाप नहीं है। सही मात्रा और सही अनुपात में इस्तेमाल करने पर यह खेती के लिए वरदान साबित हो सकता है।

Read more!
Advertisement