खाटू श्याम जी के दर्शन के साथ राजस्थान की सैर! IRCTC लाया 8 दिन का खास पैकेज

नवंबर में राजस्थान घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो IRCTC का खास हवाई टूर पैकेज आपके काम आ सकता है। इसमें खाटू श्याम जी के दर्शन के साथ जयपुर, पुष्कर, जोधपुर और जैसलमेर घूमने का मौका मिलेगा। जानिए 8 दिन के इस पैकेज का किराया, सुविधाएं और बुकिंग की पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • IRCTC का 8 दिन का राजस्थान टूर पैकेज, खाटू श्याम जी के दर्शन का भी मौका।
  • 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक जयपुर, पुष्कर, जोधपुर और जैसलमेर की सैर।
  • पैकेज का किराया ₹55,100 से शुरू, फ्लाइट, होटल और खाने की सुविधा शामिल।

By Sonam:

अगर आप नवंबर के आखिरी सप्ताह में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो IRCTC आपके लिए खास टूर पैकेज लेकर आया है। IRCTC के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ की ओर से 'रॉयल राजस्थान विद खाटू श्याम जी' नाम से हवाई टूर पैकेज शुरू किया जा रहा है। इसमें यात्रियों को खाटू श्याम जी के दर्शन के साथ राजस्थान की कई मशहूर जगहों पर घूमने का मौका मिलेगा।

कब से शुरू होगी राजस्थान की यात्रा?

IRCTC का यह टूर 24 नवंबर 2026 से शुरू होकर 1 दिसंबर 2026 तक चलेगा। कुल 7 रात और 8 दिन के इस पैकेज में जयपुर, खाटू श्याम जी, पुष्कर, जोधपुर और जैसलमेर की सैर कराई जाएगी।

इस यात्रा में धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ राजस्थान की संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखने का मौका मिलेगा। यात्री राजस्थान के मशहूर किलों, महलों और पर्यटन स्थलों का भी आनंद ले सकेंगे।

पैकेज में कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी?

इस हवाई टूर पैकेज में लखनऊ से फ्लाइट की सुविधा शामिल है। यात्रियों के ठहरने के लिए आरामदायक होटलों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा नाश्ता और रात का खाना भी पैकेज में शामिल रहेगा।

स्थानीय स्तर पर घूमने के लिए एसी गाड़ियों की सुविधा मिलेगी। निर्धारित पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने के साथ यात्रियों की मदद के लिए अनुभवी टूर एस्कॉर्ट भी मौजूद रहेंगे।

कितना देना होगा किराया?

IRCTC ने इस टूर पैकेज का किराया यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था के आधार पर तय किया है। अगर आप अकेले कमरे में ठहरना चाहते हैं, तो प्रति व्यक्ति 74,300 रुपये देने होंगे। वहीं, डबल ऑक्यूपेंसी के लिए 57,800 रुपये और ट्रिपल ऑक्यूपेंसी के लिए 55,100 रुपये प्रति व्यक्ति किराया रखा गया है।

बच्चों के लिए भी अलग किराया तय किया गया है। 5 से 11 साल के बच्चों के लिए बेड के साथ 48,100 रुपये और बिना बेड के 43,700 रुपये देने होंगे। वहीं, 2 से 5 साल के बच्चों का बिना बेड किराया 27,100 रुपये निर्धारित है।

कैसे कर सकते हैं टूर पैकेज की बुकिंग?

IRCTC उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के मुताबिक, इस पैकेज की बुकिंग 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगी।

इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित IRCTC कार्यालय या आधिकारिक वेबसाइट www.irctc.com से बुकिंग करा सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए 9305111765, 9236391911, 9236391909, 8287930912 और 8287930902 पर संपर्क कर सकते हैं। बुकिंग से पहले पैकेज की सुविधाएं, यात्रा कार्यक्रम और शर्तें जरूर जांच लें।

Read more!
Advertisement