IRCTC Air Tour Package 2026: फ्लाइट से इन जगहों की करें सैर, 4 रात 5 दिन का शानदार पैकेज

IRCTC यात्रियों के लिए सितंबर 2026 में एक खास हवाई टूर पैकेज लेकर आया है जिसमें फ्लाइट से मध्य प्रदेश की धार्मिक और ऐतिहासिक जगहों की यात्रा कराई जाएगी। इस पैकेज में घूमने ठहरने और खाने की सुविधा के साथ कई प्रमुख स्थलों के दर्शन का मौका मिलेगा।

Advertisement
AI generated image

In Short

  • IRCTC का चार रात पांच दिन का हवाई टूर पैकेज 20 सितंबर से शुरू होगा
  • लखनऊ से इंदौर जाने और वापस आने की सुविधा फ्लाइट से मिलेगी
  • उज्जैन ओंकारेश्वर महेश्वर मांडू और इंदौर की प्रमुख जगहों का कराया जाएगा भ्रमण

By Gaurav Kumar:

IRCTC Air Tour Package 2026: अगर आप सितंबर 2026 में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आईआरसीटीसी आपके लिए हवाई टूर पैकेज लेकर आया है। इस पैकेज के जरिए यात्री उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मांडू और इंदौर की यात्रा कर सकेंगे। यह टूर 4 रात और 5 दिन का होगा, जो 20 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक चलेगा।

फ्लाइट से होगी यात्रा ठहरने और खाने की भी सुविधा

आईआरसीटीसी के इस टूर पैकेज में यात्रियों के आने-जाने की व्यवस्था फ्लाइट से की गई है। यात्रा लखनऊ से शुरू होगी और इंदौर से वापस लखनऊ आने की सुविधा भी फ्लाइट के जरिए मिलेगी।

इस पैकेज में यात्रियों के ठहरने और खाने की व्यवस्था तीन सितारा होटल में की जाएगी। यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर समेत कई जगहों के दर्शन

इस टूर पैकेज में यात्रियों को उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा चिंतामन गणेश मंदिर, हरसिद्धि मंदिर और मंगलनाथ मंदिर की यात्रा भी कराई जाएगी।

वहीं ओंकारेश्वर में ओंकारेश्वर मंदिर के दर्शन होंगे। महेश्वर में अहिल्याबाई किला और महल, अखिलेश्वर मंदिर, सहस्त्रधारा और नर्मदा घाट घूमने का मौका मिलेगा।

इसके अलावा मांडू में जहाज महल और हिंडोला महल का भ्रमण कराया जाएगा। इंदौर में पितृ पर्वत और गणपति मंदिर खजराना भी इस यात्रा का हिस्सा होंगे।

जानिए कितना है टूर पैकेज का किराया

आईआरसीटीसी के इस हवाई टूर पैकेज का किराया प्रति व्यक्ति 48,500 रुपये रखा गया है। अगर दो लोग एक साथ पैकेज लेते हैं तो प्रति व्यक्ति किराया 42,500 रुपये होगा।

वहीं तीन लोगों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति पैकेज की कीमत 40,300 रुपये होगी। माता-पिता के साथ यात्रा करने वाले बच्चों के लिए बेड सहित पैकेज की कीमत 36,100 रुपये और बिना बेड के 19,500 रुपये तय की गई है।

पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगी बुकिंग

आईआरसीटीसी उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस पैकेज की बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जाएगी।

यात्री इस टूर पैकेज की बुकिंग पर्यटन भवन गोमती नगर लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय से करा सकते हैं। इसके अलावा आईआरसीटीसी की वेबसाइट irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

इस पैकेज से जुड़ी अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए लखनऊ के मोबाइल नंबर 8287930912, 8287930902, 9236391909 और 9236391911 पर संपर्क किया जा सकता है।
 

Read more!
Advertisement