Iran-US War: ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने तक जंग खींच सकता है ईरान, IRGC एडवाइजर ने बताई रणनीति

ईरान और अमेरिका के बीच जंग को लेकर IRGC के सीनियर एडवाइजर मोहम्मद रेजा नकदी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि तेहरान ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने तक संघर्ष खींचने पर विचार कर सकता है। नकदी ने मिसाइल प्रोडक्शन और अमेरिका के ग्लोबल इकोनॉमिक इंटरेस्ट को लेकर भी चेतावनी दी।

Advertisement

In Short

  • IRGC एडवाइजर ने कहा कि ईरान जंग को ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक खींचने के विकल्प पर विचार कर रहा है।
  • नकदी का दावा है कि ईरान रोज जितनी मिसाइलें दाग रहा है, उससे ज्यादा मिसाइलें बना रहा है।
  • उन्होंने कहा कि मिसाइलें खत्म होने की स्थिति में भी अमेरिका के दुनियाभर के इकोनॉमिक इंटरेस्ट ईरान के निशाने पर आ सकते हैं।

By Gaurav Kumar:

ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग को लेकर तेहरान की आगे की रणनीति पर बड़ा बयान सामने आया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC के कमांडर के सीनियर एडवाइजर मोहम्मद रेजा नकदी ने कहा है कि ईरान इस लड़ाई को लंबे समय तक खींचने के विकल्प पर विचार कर रहा है। उनका कहना है कि मकसद सिर्फ मौजूदा जंग लड़ना नहीं, बल्कि अमेरिका के लिए भविष्य में ईरान पर हमला करने की कीमत बढ़ाना भी है। ऐसे में सवाल है कि ईरान जंग को कितना लंबा खींचना चाहता है और मिसाइलों को लेकर उसकी रणनीति क्या है।

ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने तक जंग खींचने का विकल्प

मोहम्मद रेजा नकदी ने मंगलवार को PBS NewsHour से बातचीत में कहा कि ईरान के सामने एक रास्ता यह है कि जंग को अगले अमेरिकी प्रेसिडेंशियल टर्म तक लंबा खींचा जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा करके अमेरिका पर लगातार दबाव और एट्रिशन यानी लंबे समय तक नुकसान का असर डाला जा सकता है। नकदी के मुताबिक इससे भविष्य में कोई भी अमेरिकी एडमिनिस्ट्रेशन ईरान पर हमला करने से पहले उसकी कीमत के बारे में सोचेगा।

ईरान का दावा, जंग में फिलहाल बढ़त

नकदी ने कहा कि ईरान का मौजूदा आकलन है कि वह इस जंग में आगे है, हालांकि उसका अंतिम लक्ष्य अभी हासिल नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना के खिलाफ लड़ाई से ईरानी फोर्सेज को अहम एक्सपीरियंस मिला है। उनके मुताबिक इस लड़ाई में सामने आया है कि दुश्मन उतना मजबूत नहीं है, जितना पहले माना जाता था।

जितनी मिसाइलें दाग रहा, उससे ज्यादा बना रहा ईरान

ईरान की लंबे समय तक लड़ाई जारी रखने की क्षमता पर नकदी ने दावा किया कि देश हर दिन जितनी मिसाइलें इस्तेमाल कर रहा है, उससे ज्यादा मिसाइलें बना रहा है। उन्होंने कहा कि मिसाइल मैन्युफैक्चरिंग कई अलग-अलग लोकेशंस पर होती है, इसलिए इसे पूरी तरह रोकना मुश्किल है। नकदी के मुताबिक अगर जंग जारी रहती है तो ईरान कई वर्षों तक रॉकेट और मिसाइल लॉन्च कर सकता है।

'मिसाइल खत्म हुईं तो अमेरिका के लिए और खतरनाक होंगे'

नकदी ने कहा कि अगर कभी ऐसा दिन आता है जब ईरान के पास मिसाइलें खत्म हो जाती हैं, तो वह अमेरिका के लिए और ज्यादा खतरनाक हो सकता है। जब उनसे पूछा गया कि बिना मिसाइलों के ऐसा कैसे होगा, तो उन्होंने कहा कि दुनिया भर में अमेरिका के हजारों इकोनॉमिक इंटरेस्ट हैं और उन्हें आसानी से नुकसान पहुंचाया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वे किन इकोनॉमिक टारगेट्स की बात कर रहे हैं या उन्हें निशाना बनाने के लिए किस तरीके का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Read more!
Advertisement