IPL 2026: क्रिकेट के दीवानों ने खाने-पीने पर लुटाए लाखों! एक ऑर्डर का बिल देख दंग रह जाएंगे आप

स्विगी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक फूड डिलीवरी ऑर्डर आईपीएल 2025 की तुलना में 32.31% बढ़ गए, जबकि स्विगी डाइनआउट बुकिंग में 41% का इजाफा देखा गया।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

आईपीएल 2026 के दौरान क्रिकेट प्रेमियों ने न सिर्फ स्टेडियम में क्रिकेट का मजा लिया बल्कि खाने-पीने में भी कमाल दिखाया। देशभर के तमाम बड़े शहरों में सेमी फाइनल और फाइनल मुकाबले के दौरान जमकर पार्टी की गई।

स्विगी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक फूड डिलीवरी ऑर्डर आईपीएल 2025 की तुलना में 32.31% बढ़ गए, जबकि स्विगी डाइनआउट बुकिंग में 41% का इजाफा देखा गया। 29 मई और 31 मई को खेले गए सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में डाइनर्स ने स्विगी डाइनआउट के माध्यम से 3.5 करोड़ रुपये से अधिक की बचत भी की।

ग्रुरुग्राम के एक शख्स ने दिया ₹20,205 का ऑर्डर

बिजनेस टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे बड़ी बढ़ोतरी प्लेऑफ मैचों के दौरान देखी गई, जब 29 मई को दूसरे क्वालिफायर में रात 8:12 बजे एक मिनट में 5,200 से अधिक ऑर्डर दर्ज किए गए। इसी दौरान गुरुग्राम के एक कस्टमर ने अकेले ₹20,205 के 45 स्पेशल वेज थालियों का ऑर्डर दिया। 

ये खबर पढ़ना ना भूलें: भारत की 10 मिनट डिलीवरी सर्विस पर फिदा हुई विदेशी क्रिएटर! वीडियो हुआ वायरल

31 मई को आईपीएल फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इस दिन ऑर्डर और बुकिंग में और ज्यादा इजाफा  देखा गया। औसतन 1,300 से अधिक ऑर्डर प्रति मिनट आए और रात 7:56 बजे पीक पर 6,200 ऑर्डर दर्ज किए गए।

इन फूड आइटम का किया सबसे ज्यादा पसंद

क्रिकेट फैंस ने अपने पसंदीदा खाने भी खूब ऑर्डर किए। सबसे लोकप्रिय डिशेज में चिकन बिरयानी, चिकन फ्राइड राइस, वेज बर्गर शामिल रहे, वहीं मिठाई में चोको लावा केक, टेंडर कॉकटेल आइसक्रीम और रस मलाई टॉप पर रहीं।

स्नैक्स में पाव भाजी और चिकन पॉपकॉर्न की डिमांड सबसे अधिक रही। शहरों में सबसे ज्यादा ऑर्डर बैंगलोर, मुंबई और हैदराबाद से आए, जबकि उभरते बाजारों में सूरत, तिरुवनंतपुरम और वडोदरा में भी मजबूत मांग देखी गई।

मैच के दौरान बैंगलोर के एक ग्रुप ने 2 लाख रुपये से ज्यादा किए खर्च

आईपीएल ने डाइनिंग आउट को भी बढ़ावा दिया। स्विगी डाइनआउट बुकिंग में साल-दर-साल 41% की वृद्धि दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बुकिंग बैंगलोर, दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई और पुणे से हुई, जबकि अहमदाबाद, जयपुर, चंडीगढ़ और लखनऊ ने भी तेजी देखी गई। 29 मई को बैंगलोर में 20 लोगों के एक समूह ने मैच का आनंद लेते हुए ₹2,14,061 का रेस्टोरेंट बिल खर्च किया।

फाइनल के दौरान बैंगलोर में डाइनआउट बुकिंग में 32% की वृद्धि देखी गई और प्रीमियम बुकिंग में भी बैंगलोर  शहर देश में सबसे आगे रहा। गुजरात में भी फाइनल के दौरान डाइनिंग गतिविधि मजबूत रही, अहमदाबाद में सबसे अधिक बुकिंग हुई, जबकि सूरत और वडोदरा में 30 लोगों के समूह ने सबसे बड़ी समूह बुकिंग की।

Read more!
Advertisement