सऊदी अरब जाने वाले यात्री ध्यान दें! इंडिगो और अकासा एयर ने बदला फ्लाइट शेड्यूल

सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों के लिए इंडिगो और अकासा एयर ने नया ट्रैवल अपडेट जारी किया है। सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के बीच दोनों एयरलाइंस ने अपने फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव किया है। जानिए किन शहरों के लिए उड़ानें शुरू हुई हैं और टिकट कैंसिल होने पर क्या करना होगा।

Advertisement

In Short

  • इंडिगो ने जेद्दा और मदीना के लिए चुनिंदा उड़ानें फिर से शुरू कीं।
  • रियाद और दम्माम के लिए इंडिगो की उड़ानें 7 दिसंबर तक कैंसिल रहेंगी।
  • अकासा एयर ने जनवरी 2027 तक बढ़ाई उड़ानों पर रोक, यात्रियों को मिलेगा रिफंड का विकल्प।

By Shraddha Shukla:

सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के बीच भारतीय एयरलाइन कंपनियां लगातार अपने फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव कर रही हैं। इंडिगो (IndiGo) और अकासा एयर (Akasa Air) ने भी अपनी उड़ानों को लेकर नया अपडेट जारी किया है। ऐसे में यात्रियों के लिए यह जानना जरूरी है कि किन शहरों के लिए उड़ानें शुरू हुई हैं, कहां तक रोक जारी रहेगी और टिकट कैंसिल होने पर उनके पास क्या विकल्प हैं।

इंडिगो ने इन दो शहरों के लिए शुरू की उड़ानें

इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि सऊदी अरब के जेद्दा और मदीना से आने-जाने वाली कुछ चुनिंदा उड़ानों को फिर से शुरू किया जा रहा है। कंपनी ने मौजूदा हालात और फ्लाइट ऑपरेशन से जुड़ी परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद यह फैसला लिया है।

7 दिसंबर तक कैंसिल रहेंगी ये फ्लाइट्स

इंडिगो की रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 7 दिसंबर 2026 तक कैंसिल रहेंगी। इसमें 7 दिसंबर की उड़ानें भी शामिल हैं। कंपनी टिकट बुकिंग के समय दिए गए मोबाइल नंबर और अन्य कॉन्टैक्ट डिटेल्स के जरिए प्रभावित यात्रियों को जानकारी दे रही है। एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

अकासा एयर की उड़ानों पर जनवरी तक रोक

CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक, अकासा एयर ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों पर लगी रोक जनवरी 2027 तक बढ़ा दी है। नए शेड्यूल के अनुसार जेद्दा के लिए उड़ानें 10 जनवरी 2027 तक सस्पेंड रहेंगी। वहीं, रियाद के लिए फ्लाइट सर्विस 31 जनवरी 2027 तक बंद रहेगी।

यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

अकासा एयर ने प्रभावित यात्रियों को अपनी टिकट की बुकिंग रीशेड्यूल कराने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है। जिन यात्रियों ने ट्रैवल एजेंट या किसी थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म के जरिए टिकट बुक किया है, उन्हें सहायता के लिए संबंधित एजेंट या बुकिंग प्लेटफॉर्म से संपर्क करना होगा। इस दौरान यात्रियों को सऊदी अरब जाने के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं।

एयरपोर्ट जाने से पहले जरूर करें ये काम

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन की ऑफिशियल वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें। इसके अलावा अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर आने वाले मैसेज भी देखते रहें, ताकि फ्लाइट कैंसिलेशन, रीशेड्यूलिंग और रिफंड से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके। अलग-अलग शहरों और एयरलाइन कंपनियों के फ्लाइट शेड्यूल अलग हैं, इसलिए किसी एक शहर की उड़ान शुरू होने का मतलब यह नहीं है कि बाकी शहरों के लिए भी फ्लाइट सर्विस शुरू हो गई है।

Read more!
Advertisement