इंडिगो एयरलाइन के आज 20 साल पूरे! इंडिगो का विजन- 2030 तक 550 विमान और हर साल 20 करोड़ यात्रियों का लक्ष्य
कंपनी ने कहा कि पिछले दो दशकों में उसने किफायती, समयनिष्ठ और भरोसेमंद हवाई सेवाओं के जरिए भारत में हवाई यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने अपने परिचालन के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अपनी उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि पिछले दो दशकों में उसने किफायती, समयनिष्ठ और भरोसेमंद हवाई सेवाओं के जरिए भारत में हवाई यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस मार्ग पर शुरू की थी पहली उड़ान
इंडिगो ने 4 अगस्त 2006 को दिल्ली-गुवाहाटी-इंफाल मार्ग पर अपनी पहली उड़ान शुरू की थी। आज एयरलाइन के बेड़े में 430 से अधिक विमान हैं और यह भारत व विदेश के 140 से अधिक गंतव्यों को जोड़ती है। कंपनी अब तक लगभग 90 करोड़ यात्रियों को सेवाएं दे चुकी है।
आगे का क्या है प्लान?
कंपनी ने बताया कि वर्तमान में वह भारत में 97 घरेलू और 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित करती है। एयरलाइन की योजना 2030 तक अपने बेड़े का विस्तार कर 550 से अधिक विमान करने और प्रतिदिन लगभग 3,000 उड़ानों का संचालन करने की है। साथ ही हर साल करीब 20 करोड़ यात्रियों को सेवा देने का लक्ष्य रखा गया है।
इंडिगो के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया ने कहा कि कंपनी की स्थापना भारत में हवाई यात्रा को सुलभ, किफायती और विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भी एयरलाइन यात्रियों को बेहतर अनुभव देने, नेटवर्क विस्तार और देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विली वॉल्श ने कहा कि भारत वैश्विक विमानन क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है और इंडिगो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
68,000 से अधिक कर्मचारी
कंपनी ने बताया कि उसके पास 68,000 से अधिक कर्मचारी हैं। दिल्ली और बेंगलुरु में मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (MRO) सुविधाएं विकसित की गई हैं, जबकि बेंगलुरु में एक नई सुविधा भी तैयार की जा रही है। इंडिगो ने कहा कि वह टिकाऊ विमानन, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
20वीं वर्षगांठ के अवसर पर इंडिगो ने विशेष ब्रांड बुकलेट "20 Years of Connecting the Dots" जारी की है और अपनी इन-फ्लाइट मैगजीन Hello 6E का नया संस्करण भी लॉन्च किया है।