Bullet Train: 2027 में पटरी पर उतरेगी पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन! 2029 तक पूरा होगा ये रूट
भारत में बुलेट ट्रेन का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन की शुरुआत, ट्रायल रन और स्पीड को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. मुंबई-अहमदाबाद रूट पर सर्विस कब शुरू होगी और यात्रियों को कितना इंतजार करना पड़ेगा? जानिए रेलवे का पूरा प्लान.

In Short
- देश की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन की कमर्शियल सर्विस 2027 के मध्य तक शुरू होने की उम्मीद.
- B28 बुलेट ट्रेन की स्पीड 280 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, मई 2027 तक ट्रायल रन का लक्ष्य.
- मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन रूट 2029 के आखिर तक पूरा होने की उम्मीद, B35 ट्रेन 2035 तक होगी तैयार.
भारत में हाई-स्पीड रेल का सपना अब हकीकत बनने के करीब पहुंच रहा है. भारतीय रेलवे देश की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन को पटरी पर उतारने की तैयारी में जुटा है. इसके साथ ही रेलवे का फोकस यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई ट्रेनें चलाने और मौजूदा नेटवर्क को बेहतर बनाने पर भी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन की शुरुआत से लेकर इसकी स्पीड, ट्रायल और रेलवे में यात्रियों की संख्या तक कई अहम जानकारियां दी हैं. आइए जानते हैं कि बुलेट ट्रेन कब से दौड़ेगी और रेलवे की आगे की क्या तैयारी है.
2027 में शुरू होगी बुलेट ट्रेन की सर्विस
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को बताया कि देश की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन की कमर्शियल सर्विस 2027 के मध्य तक शुरू होने की उम्मीद है. शुरुआत में इसे करीब 50 किलोमीटर के रूट पर चलाया जाएगा. सूरत और बिलिमोरा के बीच मई 2027 तक ट्रायल रन की तैयारी है. इसके बाद जरूरी सेफ्टी क्लीयरेंस मिलने पर यात्रियों के लिए सर्विस शुरू की जाएगी.
280 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी स्पीड
रेल मंत्री के मुताबिक, B28 बुलेट ट्रेन को 280 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलाने की तैयारी है. इसका ट्रायल मई 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए इलेक्ट्रिफिकेशन और सिग्नलिंग का काम मौजूदा वित्त वर्ष के आखिर तक पूरा किया जाएगा. इन तैयारियों के बाद ट्रेन की टेस्टिंग और सेफ्टी जांच की जाएगी.
2029 तक पूरा होगा मुंबई-अहमदाबाद रूट
मुंबई से अहमदाबाद के बीच पूरे बुलेट ट्रेन रूट को 2029 के आखिर तक शुरू करने का लक्ष्य है. रेल मंत्री ने बताया कि पूरे रूट को एक साथ खोलने के बजाय अलग-अलग हिस्सों में सर्विस शुरू की जाएगी. जिस हिस्से को सेफ्टी क्लीयरेंस मिलेगा, वहां ट्रेन चलाने की मंजूरी दी जाएगी.
350 किलोमीटर की स्पीड वाली ट्रेन भी तैयार होगी
रेलवे सिर्फ B28 तक सीमित नहीं रहने वाला है. अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, B35 बुलेट ट्रेन भी डेवलप की जा रही है. इसकी अधिकतम स्पीड 350 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और इसे 2035 तक तैयार करने का लक्ष्य है. B28 और B35 दोनों ट्रेनसेट पूरी तरह स्वदेशी होंगे.
रेलवे में यात्रियों की संख्या 8 अरब के पार जाने की उम्मीद
रेल मंत्री ने बताया कि पिछले छह साल में भारतीय रेलवे ने 2,500 नई ट्रेन सर्विस शुरू की हैं. इस वित्त वर्ष के आखिर तक सालाना यात्रियों की संख्या 8 अरब के पार पहुंचने की उम्मीद है. यह कोविड से पहले के स्तर के बराबर होगी. रेलवे को इस स्तर पर लौटने में सात साल लगे हैं. बढ़ती मांग को देखते हुए आगे और ट्रेनें चलाई जाएंगी.
दिवाली-छठ पर चलीं 18,000 अतिरिक्त ट्रेन सर्विस
दिवाली और छठ के दौरान रेलवे ने रिकॉर्ड 18,000 अतिरिक्त ट्रेन सर्विस चलाईं. इनसे करीब 20 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जो पिछले साल के मुकाबले 8 प्रतिशत ज्यादा है. इस दौरान बिना टिकट यात्रा के मामलों में भी कमी आई, जिससे रेलवे की कमाई बढ़ी.