श्रीलंका में भारतीयों के लिए सस्ती हुई राइड, UPI से पेमेंट करने पर मिलेगा 20% डिस्काउंट

श्रीलंका घूमने जा रहे भारतीय टूरिस्ट अब PickMe की एलिजिबल राइड पर UPI से पेमेंट करके 20% डिस्काउंट पा सकते हैं। एक राइड पर अधिकतम LKR 750 की बचत होगी। इसके लिए ट्रैवल से पहले UPI इंटरनेशनल एक्टिवेट करना जरूरी है। जानिए ऑफर कैसे काम करेगा।

Advertisement

In Short

  • PickMe की एलिजिबल राइड पर UPI पेमेंट से 20% डिस्काउंट मिलेगा
  • हर राइड पर अधिकतम LKR 750 तक की छूट मिलेगी
  • श्रीलंका जाने से पहले UPI ग्लोबल या UPI इंटरनेशनल एक्टिवेट करना होगा

By Gaurav Kumar:

श्रीलंका जाने वाले भारतीय टूरिस्ट के लिए अब वहां घूमना और लोकल ट्रैवल थोड़ा सस्ता हो सकता है। भारतीय यात्री अब श्रीलंका में PickMe की एलिजिबल राइड का पेमेंट UPI से करके डिस्काउंट पा सकते हैं। इससे कैश रखने की जरूरत भी कम होगी और एयरपोर्ट से होटल या घूमने वाली जगहों तक आने-जाने पर सीधी बचत हो सकती है। आइए जानते हैं यह ऑफर कैसे मिलेगा, UPI कैसे इस्तेमाल करना है और श्रीलंका में किन जगहों पर इससे पेमेंट किया जा सकता है।

PickMe राइड पर मिलेगा 20% डिस्काउंट

NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड यानी NIPL ने भारतीय टूरिस्ट के लिए नया ऑफर शुरू किया है। इसके तहत एलिजिबल PickMe राइड का पेमेंट UPI से करने पर 20% का फ्लैट डिस्काउंट मिलेगा। हालांकि, एक राइड पर अधिकतम डिस्काउंट LKR 750 तक ही मिलेगा।

PickMe श्रीलंका का सबसे बड़ा राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। यह बड़े शहरों, टूरिस्ट डेस्टिनेशन और एयरपोर्ट ट्रांसफर के लिए मोबिलिटी सर्विस देता है। श्रीलंका में इसके 1.9 मिलियन से ज्यादा यूनिक यूजर्स हैं। भारतीय टूरिस्ट एयरपोर्ट ट्रांसफर, साइटसीइंग, होटल और टूरिस्ट अट्रैक्शन के बीच सफर में इस ऑफर का फायदा उठा सकते हैं।

सीधे भारतीय बैंक अकाउंट से होगा पेमेंट

UPI इंटरनेशनल के जरिए एलिजिबल भारतीय यूजर अपने लिंक्ड इंडियन बैंक अकाउंट से विदेश में सपोर्टेड मर्चेंट को सीधे पेमेंट कर सकते हैं। इसके लिए यात्रा से पहले अपने बैंक की UPI-इनेबल्ड ऐप में UPI ग्लोबल या UPI इंटरनेशनल फैसिलिटी एक्टिवेट करनी होगी।

फैसिलिटी एक्टिवेट होने के बाद श्रीलंका में सपोर्टेड मर्चेंट के यहां UPI से पेमेंट किया जा सकता है। रकम भारतीय बैंक अकाउंट से डेबिट होगी, जबकि ट्रांजैक्शन लोकल करेंसी में प्रोसेस होगा। इससे बार-बार श्रीलंकाई करेंसी एक्सचेंज कराने या ज्यादा कैश रखने की जरूरत कम हो सकती है।

इस्तेमाल से पहले बैंक से जरूर चेक करें ये बातें

टूरिस्ट को ट्रैवल से पहले यह जरूर चेक करना चाहिए कि उनका बैंक या UPI ऐप इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन सपोर्ट करता है या नहीं। इसके साथ ही लागू चार्ज और एक्सचेंज रेट की जानकारी भी पहले लेनी चाहिए।

श्रीलंका में कहां-कहां चल रहा है UPI

श्रीलंका में LankaQR स्वीकार करने वाले कई मर्चेंट पर पहले से UPI पेमेंट की सुविधा उपलब्ध है। भारतीय टूरिस्ट इसका इस्तेमाल ट्रांसपोर्टेशन, टूरिस्ट अट्रैक्शन, पिलग्रिमेज साइट, रिटेल स्टोर, शॉपिंग सेंटर, कैफे, रेस्टोरेंट और LankaQR स्वीकार करने वाले दूसरे बिजनेस में कर सकते हैं।

PickMe को जोड़ने से UPI का इस्तेमाल अब शॉपिंग और खाने-पीने से आगे बढ़कर लोकल ट्रांसपोर्टेशन में भी हो सकेगा, जो किसी भी ट्रिप के दौरान होने वाले आम खर्चों में शामिल है।

भारतीय टूरिस्ट के लिए क्यों अहम है श्रीलंका

भारत श्रीलंका के लिए टूरिज्म का सबसे बड़ा सोर्स मार्केट बना हुआ है। NIPL की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 2025 में 5,31,000 से ज्यादा भारतीय टूरिस्ट श्रीलंका पहुंचे थे।

इतनी बड़ी संख्या में भारतीय यात्रियों के आने की वजह से आसान डिजिटल पेमेंट ट्रांसपोर्ट, फूड और शॉपिंग जैसे रोजाना के खर्चों को आसान बना सकता है। PickMe का यह ऑफर सिर्फ डिस्काउंट तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भारत के UPI नेटवर्क के बढ़ते इस्तेमाल का भी हिस्सा है।

Read more!
Advertisement