दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए राहत, 1000+ स्पेशल ट्रेनें चलेंगी; चेक करें रूट-टाइमिंग
दिवाली और छठ पर घर जाने वालों के लिए रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। टिकट की ज्यादा मांग और लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे 1000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इन ट्रेनों से यात्रियों को कई रूट्स पर घर जाने के लिए अतिरिक्त ऑप्शन मिलेंगे।

In Short
- दिवाली और छठ पूजा की भीड़ को देखते हुए रेलवे चलाएगा 43 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, कुल 1,053 ट्रिप्स की योजना।
- 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, ज्यादा भीड़ वाले रूट्स पर यात्रियों को मिलेगी राहत।
- नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने पर यात्री स्पेशल ट्रेनों में सीट तलाश सकते हैं, मांग बढ़ने पर और ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।
दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी तैयारी की है। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। नियमित ट्रेनों में टिकट बुकिंग शुरू होते ही सीटें तेजी से भर गई हैं और कई रूट पर टिकट स्टेटस 'रिग्रेट' दिखने लगा है।
त्योहारों में बढ़ेगी ट्रेन सेवाएं
इस बार दिवाली 8 नवंबर को है, जबकि छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 के बीच 61 दिनों में स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
रेलवे ने 43 जोड़ी ट्रेनों के साथ कुल 1,053 ट्रिप्स की योजना बनाई है। इन ट्रेनों को उन रूट्स पर चलाया जाएगा जहां त्योहारों के समय यात्रियों का दबाव ज्यादा रहता है।
13 रेलवे जोन से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे के मुताबिक, ये स्पेशल ट्रेनें अलग-अलग रेलवे जोन के जरिए चलाई जाएंगी। कुछ ट्रेनें पूरी अवधि में चलेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन सप्ताह में एक या दो दिन किया जाएगा।
इन ट्रेनों से कोलकाता, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, नई दिल्ली और पलवल जैसे प्रमुख शहरों के बीच कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन, ग्वालियर और दादरी जैसे स्टेशनों से भी कई स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
किन रूट्स पर मिलेंगे ज्यादा ऑप्शन?
वेस्टर्न रेलवे 13 जोड़ी और नॉर्दर्न रेलवे 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाएंगे। नॉर्दर्न रेलवे की ओर से प्रयागराज जंक्शन से शकूरबस्ती, कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली और आगरा कैंट से पलवल के बीच स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली के बीच ट्रेन नंबर 02455 और वापसी में 02456 ट्रेन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को चलेगी। वहीं आगरा कैंट से पलवल के बीच 01941 और वापसी में 01942 ट्रेन 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक रोज चलेगी।
दूसरे राज्यों के लिए भी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों के अलावा दूसरे राज्यों के रूट्स पर भी अतिरिक्त ट्रेनें रखी हैं। ईस्टर्न रेलवे में आगरा कैंट से कोलकाता, कानपुर सेंट्रल से कोलकाता और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से आसनसोल के बीच स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
साउथ वेस्टर्न रेलवे में प्रयागराज से हुबली, कानपुर से बेंगलुरु और सूबेदारगंज से यशवंतपुर के बीच ट्रेनें चलेंगी। वहीं सदर्न रेलवे में कानपुर सेंट्रल से मदुरै और प्रयागराज से कन्याकुमारी के लिए भी विकल्प दिए गए हैं।
मांग बढ़ने पर और ट्रेनें चलाने की तैयारी
रेलवे यात्रियों की मांग और वेटिंग लिस्ट पर लगातार नजर रख रहा है। जरूरत पड़ने पर और स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई जा सकती है। इसके अलावा स्टेशनों पर भीड़ संभालने के लिए अतिरिक्त कमर्शियल और RPF स्टाफ तैनात किया जाएगा।
टिकट नहीं मिला तो स्पेशल ट्रेनें देखें
अगर दिवाली या छठ पूजा के लिए नियमित ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है, तो यात्री स्पेशल ट्रेनों में सीट तलाश सकते हैं। जिन रूट्स पर टिकट 'रिग्रेट' या लंबी वेटिंग दिख रही है, वहां स्पेशल ट्रेनों की सूची देखना एक ऑप्शन हो सकता है। टिकट बुक करने से पहले यात्रियों को संबंधित रेलवे जोन की अपडेटेड लिस्ट और ट्रेन का शेड्यूल जरूर चेक करना चाहिए।