त्योहारों पर रेलवे चलाएगा 20 स्पेशल ट्रेनें! दिल्ली, बिहार, यूपी समेत कई रूटों पर सफर होगा आसान
त्योहारों के दौरान ट्रेन से घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर रेलवे ने नवंबर में कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इन ट्रेनों से अलग-अलग राज्यों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। जानिए किन रूटों पर कब चलेंगी ट्रेनें और क्या रहेगा टाइमिंग।

In Short
- उत्तर रेलवे ने नवंबर 2026 में 20 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों को चलाने का शेड्यूल जारी किया है।
- दिल्ली, झांसी, गाजियाबाद, लुधियाना, सहरसा, दरभंगा, गया और कोलकाता समेत कई शहरों के लिए ट्रेनें चलेंगी।
- स्पेशल ट्रेनें 1 से 30 नवंबर के बीच अलग-अलग तारीखों पर चलेंगी, रेलवे ने ट्रेन नंबर और टाइमिंग जारी की।
त्योहारों के दौरान ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। उत्तर रेलवे (Northern Railway) ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें नवंबर 2026 में अलग-अलग तारीखों पर चलाई जाएंगी। रेलवे ने कुल 20 स्पेशल ट्रेनों के नंबर, रूट, चलने की तारीख और टाइमिंग की जानकारी जारी की है। आइए जानते हैं कौन सी ट्रेन कब और कहां से चलेगी।
दिल्ली से झांसी और गाजियाबाद से अलीगढ़ के लिए स्पेशल ट्रेनें
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर 04412 हजरत निजामुद्दीन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच 5 से 7 नवंबर तक चलेगी। यह शाम 6:50 बजे रवाना होकर सुबह 6 बजे पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 04411 झांसी से हजरत निजामुद्दीन के लिए 6 से 8 नवंबर तक चलेगी। इसका समय सुबह 6:30 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। दोनों ट्रेनें अनरिजर्व्ड होंगी।
गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच ट्रेन नंबर 04414 और वापसी में 04413 भी चलाई जाएगी। ये ट्रेनें 5 और 7 नवंबर को चलेंगी।
बिहार जाने वालों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें
लुधियाना से सहरसा के लिए ट्रेन नंबर 04656 6, 9 और 11 नवंबर को चलेगी। वापसी में 04655 सहरसा से लुधियाना के लिए 8, 11 और 13 नवंबर को रवाना होगी।
लुधियाना से दरभंगा के लिए ट्रेन नंबर 04662 को 7, 10 और 11 नवंबर को चलाया जाएगा। वापसी में 04661 दरभंगा से लुधियाना के लिए 8, 11 और 12 नवंबर को चलेगी।
इसके अलावा लुधियाना से गया के लिए 04664 ट्रेन 12 नवंबर और वापसी में 04663 ट्रेन 13 नवंबर को चलेगी।
कोलकाता, सहरसा और छपरा के लिए भी ट्रेनें
लुधियाना से कोलकाता के लिए ट्रेन नंबर 04666 6 नवंबर को और कोलकाता से लुधियाना के लिए 04665 ट्रेन 7 नवंबर को चलेगी।
सरहिंद से सहरसा के लिए 04258 ट्रेन 5, 9 और 12 नवंबर को चलेगी। वहीं, सहरसा से अंबाला कैंट के लिए 04257 ट्रेन 6, 10 और 13 नवंबर को चलेगी।
जालना से छपरा के लिए ट्रेन नंबर 07651 और छपरा से जालना के लिए 07652 भी नवंबर में तीन-तीन ट्रिप लगाएंगी। दोनों ट्रेनें वाराणसी होकर चलेंगी।
आगरा और दक्षिण भारत के लिए भी स्पेशल ट्रेनें
आगरा कैंट से मार्टियर कैप्टन तुषार महाजन के बीच ट्रेन नंबर 01903 हर रविवार 1 से 29 नवंबर तक चलेगी। वापसी में 01904 हर सोमवार 2 से 30 नवंबर तक चलेगी। दोनों की पांच-पांच ट्रिप होंगी।
तिरुवनंतपुरम नॉर्थ से हजरत निजामुद्दीन के लिए 06073 ट्रेन 2 से 16 नवंबर के बीच हर सोमवार चलेगी। वापसी में 06074 ट्रेन 5 से 19 नवंबर तक हर गुरुवार चलेगी।
ट्रेन की जानकारी कहां मिलेगी?
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि ट्रेनों के स्टॉपेज और टाइमिंग की पूरी जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं।