अगर ट्रेन से करते हैं सफर तो ये 7 नियम जरूर जान लें, बचेंगे बहस और परेशानी से
ट्रेन से सफर करते समय कई बार यात्रियों को नियमों की सही जानकारी नहीं होती और छोटी बातों पर परेशानी बढ़ जाती है। मिडिल बर्थ के इस्तेमाल से लेकर TTE की टिकट चेकिंग और महिला यात्रियों के अधिकारों तक रेलवे के कुछ जरूरी नियम जानना आपके सफर को आसान बना सकता है।

In Short
- रेलवे में रात 10 बजे के बाद TTE सामान्य स्थिति में सो रहे यात्रियों को टिकट चेक करने के लिए नहीं जगा सकता।
- मिडिल बर्थ को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ही खोलने का नियम है।
- RPF और GRP का काम सुरक्षा संभालना है वे टिकट चेक नहीं कर सकते।
Indian Railways Rules: भारत में रोजाना लाखों लोग ट्रेन से सफर करते हैं। ट्रेन यात्रा आरामदायक और किफायती मानी जाती है, लेकिन कई बार सही जानकारी नहीं होने की वजह से यात्रियों को छोटी-छोटी बातों पर परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे के कुछ ऐसे नियम हैं, जिनकी जानकारी होने से सफर आसान हो सकता है।
1) रात में महिला या बच्चे को जबरन ट्रेन से नहीं उतारा जा सकता
अगर कोई अकेली महिला या नाबालिग बच्चा बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा जाता है, तो रेलवे के नियमों के मुताबिक उसे रात के समय किसी स्टेशन पर जबरन ट्रेन से नहीं उतारा जा सकता।
अगर किसी यात्री के साथ ऐसा व्यवहार होता है तो वह रेलवे हेल्पलाइन या संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर सकता है।
2) रात 10 बजे के बाद TTE नहीं कर सकता परेशान
रेलवे ने यात्रियों के आराम के लिए रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक का समय तय किया है। इस दौरान TTE सामान्य स्थिति में सो रहे यात्रियों को सिर्फ टिकट चेक करने के लिए नहीं जगा सकता।
हालांकि, अगर कोई यात्री रात 10 बजे के बाद किसी स्टेशन से ट्रेन में चढ़ा है तो टिकट जांच की जा सकती है।
3) मिडिल बर्थ खोलने का भी है नियम
ट्रेन में मिडिल बर्थ को लेकर अक्सर यात्रियों के बीच बहस होती है। रेलवे के नियम के अनुसार मिडिल बर्थ को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ही खोला जा सकता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: 16 साल में रेल मंत्रियों ने 33 बार लिया चार्टर्ड विमान! ₹8.90 करोड़ खर्च; RTI से सामने आया पूरा ब्योरा
दिन के समय इसे नीचे रखना होता है ताकि नीचे वाली सीट पर बैठने वाले यात्रियों को परेशानी न हो। वहीं रात 10 बजे के बाद कोई यात्री मिडिल बर्थ खोलने से रोकता है तो इसकी शिकायत की जा सकती है।
4) ट्रेन छूटने पर सीट को लेकर जानें नियम
कई बार यात्री समय पर अपनी बोगी तक नहीं पहुंच पाते या किसी दूसरी बोगी में चढ़ जाते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। ज्यादातर ट्रेनों में कोच अंदर से जुड़े होते हैं और यात्री अपनी सीट तक पहुंच सकते हैं।
इसके अलावा TTE भी कुछ स्टेशनों तक यात्री का इंतजार करता है।
5) आगे तक जाना हो तो बढ़ा सकते हैं सफर
अगर सफर के दौरान आपका प्लान बदल जाता है और आपको अपने तय स्टेशन से आगे जाना है तो इसकी सुविधा भी रेलवे देता है। इसके लिए ट्रेन में मौजूद TTE से संपर्क करके अतिरिक्त दूरी का किराया देकर आगे की टिकट बनवाई जा सकती है।
6) रात में तेज आवाज में म्यूजिक या बातचीत से बचें
रात के सफर में दूसरे यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखना जरूरी है। रेलवे नियमों के अनुसार रात में मोबाइल पर बिना हेडफोन के तेज आवाज में गाने सुनना, वीडियो चलाना या तेज आवाज में बात करना सही नहीं है।
अगर किसी यात्री को परेशानी होती है तो वह शिकायत दर्ज करा सकता है।
7) RPF और GRP नहीं करते टिकट चेक
कई यात्रियों को लगता है कि RPF और GRP के जवान टिकट चेक कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेलवे पुलिस का काम यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
रेलवे के इन नियमों की जानकारी होने से यात्री बेवजह की बहस और परेशानी से बच सकते हैं। सही जानकारी के साथ सफर ज्यादा आसान और आरामदायक बनाया जा सकता है।