Autism के इलाज के लिए स्टेम सेल थेरेपी का होगा ट्रायल, AIIMS समेत दो अस्पतालों में होगी रिसर्च

ऑटिज्म के इलाज में स्टेम सेल थेरेपी की भूमिका का पता लगाने के लिए भारत सरकार ने बड़ी पहल की है। ICMR की मदद से देश के दो बड़े अस्पतालों में क्लिनिकल ट्रायल की तैयारी है। जानिए इस रिसर्च को लेकर क्या है सरकार की योजना और क्या कहते हैं एक्सपर्ट।

Advertisement

In Short

  • ऑटिज्म के लिए स्टेम सेल थेरेपी का होगा क्लिनिकल ट्रायल
  • मरीजों के चयन को लेकर डॉक्टरों और अभिभावकों से मांगे गए सुझाव
  • थेरेपी की सुरक्षा और प्रभावशीलता के अभी पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण नहीं

By Gungun Mishra:

Autism के इलाज में स्टेम सेल थेरेपी कितनी सुरक्षित और असरदार है, इसका पता लगाने के लिए भारत सरकार क्लिनिकल ट्रायल कराने जा रही है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) की फंडिंग से दिल्ली के एम्स और कोच्चि के अमृता अस्पताल में यह ट्रायल किया जाएगा। इसके लिए मरीजों के चयन से जुड़े नियम तय करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के तहत आने वाली नेशनल स्टेम सेल रिसर्च रेगुलेशन कमेटी (NSRC) ने डॉक्टरों, अभिभावकों और देखभाल करने वाले लोगों से सुझाव मांगे हैं। समिति ने सुझावों के साथ वैज्ञानिक प्रमाण और संबंधित दस्तावेज भी देने को कहा है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उठाया कदम

सुप्रीम कोर्ट ने 30 जनवरी 2026 को ऑटिज्म के इलाज के लिए स्टेम सेल थेरेपी के नियमित इस्तेमाल पर रोक लगाई थी। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि इसका इस्तेमाल केवल मंजूरी प्राप्त और निगरानी वाले क्लिनिकल ट्रायल या रिसर्च में किया जा सकता है।

दरअसल, कई क्लीनिक इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता के ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं होने के बावजूद ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों को यह थेरेपी दे रहे थे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद 24 मार्च 2026 को NSRC का गठन किया गया था।

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

मधुकर रेनबो चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल की डॉक्टर हिमानी नरूला खन्ना के मुताबिक, अभी इस बात के पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं कि स्टेम सेल थेरेपी ऑटिज्म के मुख्य लक्षणों में सुधार के लिए सुरक्षित और प्रभावी है।

उन्होंने कहा कि अभिभावकों को ऑटिज्म पूरी तरह ठीक करने या बच्चों के विकास में बड़े सुधार का दावा करने वाली स्टेम सेल थेरेपी से जुड़े दावों को लेकर सतर्क रहना चाहिए।

भारत में ऑटिज्म की क्या है स्थिति?

भारत में ऑटिज्म से प्रभावित लोगों की कुल संख्या का कोई ठोस राष्ट्रीय आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। मार्च 2025 में स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोकसभा में बताया था कि 12 राज्यों में किए गए नेशनल मेंटल हेल्थ सर्वे 2016 के मुताबिक, 13 से 17 साल के किशोरों में ऑटिज्म की दर 1.6 फीसदी थी। हालांकि, यह सभी उम्र के लोगों का राष्ट्रीय आंकड़ा नहीं है।

फिलहाल कैसे होता है ऑटिज्म का इलाज?

ऑटिज्म के मुख्य लक्षणों के इलाज के लिए फिलहाल कोई स्थापित दवा नहीं है। बिहेवियरल थेरेपी, स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी और विशेष शैक्षणिक सहायता बच्चों के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।

स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग की गाइडलाइंस भी स्टेम सेल थेरेपी के नियमित इस्तेमाल की सिफारिश नहीं करती हैं। मौजूदा रिसर्च में इसके मामूली फायदे के सीमित प्रमाण मिले हैं। वहीं, प्रस्तावित क्लिनिकल ट्रायल में मरीजों को कब शामिल किया जाएगा और उनके चयन के अंतिम नियम क्या होंगे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Read more!
Advertisement