2036 ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी में जुटा भारत, देश की पहली ओलंपिक फिल्म हुई लॉन्च

भारत में ओलंपिक खेलों की मेजबानी का सपना पूरा करने के लिए एक खास पहल शुरू की गई है। पुणे में आयोजित एक बड़े फिटनेस कार्यक्रम में बॉलीवुड से लेकर खेल जगत की हस्तियां शामिल हुईं। जानिए भारत की पहली ओलंपिक फिल्म में क्या खास है और सरकार की क्या तैयारी है।

Advertisement

In Short

  • पुणे में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारत की पहली ओलंपिक फिल्म लॉन्च की।
  • फिल्म में आयुष्मान खुराना, मीराबाई चानू, शीतल देवी और स्मृति मंधाना नजर आएंगी।
  • फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 100वें एडिशन में पुणे में 50 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया।

By Shraddha Shukla:

भारत में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। इसके साथ ही देश में बड़े इंटरनेशनल स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित करने की तैयारी भी चल रही है। इसी दिशा में पुणे में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बॉलीवुड, खेल जगत और फिटनेस से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।

भारत की पहली ओलंपिक फिल्म लॉन्च

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को पुणे में 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के 100वें एडिशन में भारत की पहली ओलंपिक फिल्म लॉन्च की। इस फिल्म में बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना के साथ मीराबाई चानू, शीतल देवी और स्मृति मंधाना नजर आएंगी। इसके साथ ही #IndiaReady4Olympics थीम के तहत भारत के ओलंपिक कैंपेन की शुरुआत हुई। इसका मकसद खेलों में भारत की प्रगति और 2036 ओलंपिक की मेजबानी की महत्वाकांक्षा को दिखाना है।

50 हजार से ज्यादा लोगों ने चलाई साइकिल

मांडविया ने बताया कि पुणे में 50 हजार से ज्यादा लोगों ने साइकिल चलाई, जबकि देशभर में 40 हजार जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके लिए रिकॉर्ड 56 हजार रजिस्ट्रेशन हुए। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए देश का फिट और स्वस्थ होना जरूरी है। कार्यक्रम का 100वां एडिशन 2036 ओलंपिक की मेजबानी की भारत की दावेदारी को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती से पूरे देश को फिटनेस का संदेश दिया जा रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत की तैयारी

इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के CEO रघुराम अय्यर ने कहा कि ओलंपिक की तैयारी के लिए मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि भारत और अहमदाबाद ने हाल ही में इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (IOC) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक की मेजबानी को लेकर अपनी तैयारियां पेश की हैं।

कई खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में प्रियंका गोस्वामी, जैस्मिन लैंबोरिया, प्रीति पवार, संदीप कुमार, आशीष कुमार चौधरी, श्राबनी नंदा, अंबेकर मैतेई, सुचिका तारियाल, कशिश मलिक, डेविड बेकहम एल्कातोहचूंगो और पर्वतारोही बलजीत कौर ने हिस्सा लिया।

देशभर में मनाया गया फिटनेस का जश्न

पुणे में 'रिवर साइक्लोथॉन 2026' के तहत 25 और 5 किलोमीटर की साइकिल राइड आयोजित हुई। लोगों ने पानी बचाने, नदियों को साफ रखने और नशामुक्त भारत बनाने की शपथ ली। देश के हर जिले और 100 प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम हुए। 600 से ज्यादा जिलों में 1.5 लाख से अधिक MY Bharat वॉलंटियर्स शामिल हुए। फिट चैंप्स और साइकिलिंग क्लबों को सम्मानित किया गया और MY Bharat के विजेताओं की घोषणा हुई।

अब तक 40 लाख से ज्यादा की भागीदारी

17 दिसंबर 2024 को 'पॉल्यूशन का सॉल्यूशन' संदेश के साथ शुरू हुए इस अभियान के 100 एडिशन में कुल भागीदारी 40 लाख से ज्यादा रही है। अब देशभर में 7,500 से अधिक फिट इंडिया नमो साइकिलिंग क्लब हैं और करीब 10 हजार जगहों पर हर सप्ताह फिटनेस एक्टिविटी आयोजित होती हैं।

Read more!
Advertisement