शतरंज में भारत ने रचा इतिहास! 22 साल के अनुज श्रीवात्री बने देश के 100वें ग्रैंडमास्टर, पीएम मोदी ने दी बधाई
भारत ने शतरंज की दुनिया में नया इतिहास रच दिया है। मध्य प्रदेश के 22 साल के युवा खिलाड़ी ने ऐसा कारनामा किया है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। पीएम मोदी और विश्वनाथन आनंद ने भी बधाई दी है। जानिए कैसे एक हार के बाद मिली ऐतिहासिक जीत।

In Short
- 22 साल के अनुज श्रीवात्री बने भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर।
- फिलीपींस में पहला मैच हारने के बाद 8 मुकाबलों में 7 पॉइंट हासिल कर जीती चैंपियनशिप।
- 1988 में विश्वनाथन आनंद बने थे पहले ग्रैंडमास्टर, 38 साल बाद भारत ने पूरा किया शतक।
भारत ने शतरंज की दुनिया में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में इस खेल का क्रेज लगातार बढ़ रहा है और छोटे शहरों से भी नए खिलाड़ी इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना रहे हैं। अब एक युवा खिलाड़ी ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिससे पूरे देश को गर्व हो रहा है। इस कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर शतरंज के दिग्गज खिलाड़ियों तक ने खुशी जताई है। आइए जानते हैं कि किस खिलाड़ी ने यह इतिहास रचा और कैसे यहां तक पहुंचा।
22 साल के अनुज बने भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर
मध्य प्रदेश के कटनी के रहने वाले 22 साल के अनुज श्रीवात्री भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। उन्होंने फिलीपींस के ओजामिज सिटी में आयोजित 7वीं ASEAN Plus Individual Open Chess Championship जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। इस टूर्नामेंट में जीत के साथ उन्हें सीधे ग्रैंडमास्टर यानी GM का टाइटल मिला। खास बात यह है कि अनुज मध्य प्रदेश के पहले शतरंज ग्रैंडमास्टर भी बन गए हैं।
पहला मैच हारे फिर भी जीत लिया टूर्नामेंट
अनुज के लिए इस चैंपियनशिप की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। वह अपना पहला मुकाबला हार गए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। अनुज ने 8 मुकाबलों में कुल 7 पॉइंट हासिल किए और चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। उनकी इस जीत ने उन्हें देश के 100वें ग्रैंडमास्टर का खिताब दिला दिया।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अनुज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत ने शतरंज में सेंचुरी लगा दी है और देश में अब 100 ग्रैंडमास्टर हो गए हैं। पीएम मोदी ने इसे भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत, टैलेंट और लगन का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा खिलाड़ी इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
1988 में मिला था भारत को पहला ग्रैंडमास्टर
भारत के पहले शतरंज ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद बने थे। उन्होंने साल 1988 में यह टाइटल हासिल किया था। अब 38 साल बाद 2026 में भारत के ग्रैंडमास्टर्स की संख्या 100 तक पहुंच गई है। यह उपलब्धि दिखाती है कि पिछले करीब चार दशकों में भारत ने शतरंज में कितनी तरक्की की है।
विश्वनाथन आनंद ने भी की तारीफ
पांच बार के वर्ल्ड चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने अनुज को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को 'ए क्रैकर ऑफ ए 100' बताया। वहीं ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के अध्यक्ष नितिन नारंग ने इसे भारतीय शतरंज के लिए ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब भारत का अगला लक्ष्य 200 ग्रैंडमास्टर तैयार करना होगा।
सॉफ्टवेयर की नौकरी छोड़कर चुना शतरंज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुज ने शतरंज में करियर बनाने के लिए एक कॉरपोरेट सॉफ्टवेयर नौकरी का ऑफर ठुकरा दिया था। उन्होंने अपना पूरा ध्यान शतरंज पर लगाया और अब देश के 100वें ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। उनकी यह कामयाबी छोटे शहरों के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो शतरंज में अपना करियर बनाना चाहते हैं।