मक्का के करीब ड्रोन अटैक से मचा हड़कंप, भारत ने सऊदी अरब की सीमा पर हमलों की निंदा की
मक्का के पास हुए ड्रोन हमले को लेकर भारत ने सऊदी अरब के समर्थन में चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने नागरिकों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने वाले हमलों की निंदा की। वहीं सऊदी अरब और हूती के बीच बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं।

In Short
- मक्का के पास ड्रोन हमले पर भारत ने जताई चिंता, MEA ने सऊदी अरब की संप्रभु सीमा पर हमलों की निंदा की।
- सऊदी अरब और हूती के बीच बढ़ते तनाव के बीच मिसाइल और ड्रोन हमलों से कई इलाकों में नुकसान की खबर।
- लाल सागर और बाब अल-मंदब क्षेत्र में बढ़ी गतिविधियों के बीच यानबू बंदरगाह पर तेल लोडिंग भी रोकी गई।
सऊदी अरब के मक्का के पास हुए ड्रोन हमले को लेकर भारत ने गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत सऊदी अरब की संप्रभु सीमा पर होने वाले हमलों और आम नागरिकों की जिंदगी तथा बुनियादी ढांचे को खतरे में डालने वाली कार्रवाइयों की निंदा करता है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि मक्का के पास हुई घटना विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि दुनियाभर के मुसलमानों के लिए इस शहर का धार्मिक महत्व है। भारत ने उम्मीद जताई है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता बहाल होगी।
भारत ने दोहराई हमलों की निंदा
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि मक्का के पास हुए ड्रोन हमले को लेकर भारत बेहद चिंतित है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब की सीमा पर होने वाले ऐसे हमले और नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधियां चिंता का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता की बहाली की उम्मीद करता है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना को लेकर अपनी स्थिति साफ करते हुए हमलों की निंदा दोहराई है।
सऊदी अरब और हूती के बीच बढ़ा तनाव
बता दें कि सऊदी अरब और हूती के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। हूती की ओर से दक्षिणी सऊदी अरब में नए मिसाइल और ड्रोन हमले किए जाने की खबर है।
इन हमलों में खमिस मुशैत, अबहा और ताइफ जैसे शहरों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन हमलों में 13 नागरिक घायल हुए हैं और कई घरों को नुकसान पहुंचा है। वहीं किंग खालिद एयर बेस के पास आग लगने की खबर भी सामने आई है।
ऊर्जा ठिकानों और समुद्री रास्तों पर भी असर
इस संघर्ष का असर सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों और अहम समुद्री रास्तों पर भी दिखाई दे रहा है। हूती ने लाल सागर और बाब अल-मंदब स्ट्रेट के आसपास अपनी गतिविधियां बढ़ाई हैं।
सऊदी अरब ने दावा किया है कि मक्का की तरफ भेजे गए हूती ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया। वहीं हालिया ड्रोन हमलों के बाद यानबू बंदरगाह पर तेल की लोडिंग भी रोक दी गई है।
सऊदी गठबंधन ने किए हवाई हमले
सऊदी अरब ने हूती हमलों के जवाब में कड़ी सैन्य कार्रवाई की बात कही है। इसके बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने पश्चिमी और उत्तरी यमन में हूती ठिकानों पर कई हवाई हमले किए हैं।
वहीं अमेरिका ने सऊदी अरब के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी को लेवल 3 कर दिया है। अमेरिका ने अपने नागरिकों से सऊदी अरब की यात्रा पर दोबारा विचार करने को कहा है।