2 साल तक लगाती रहीं गोरी ब्यूटी क्रीम, फिर हुई किडनी की समस्या! भारत में पाकिस्तानी क्रीम पर लगा बैन
महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की जांच में क्रीम में मरक्यूरी (पारा) की मौजूदगी सामने आई, जिसके बाद इस पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। मामले की शुरुआत नागपुर की कुछ महिलाओं की शिकायत से हुई। बताया गया कि उन्होंने यह क्रीम ई-कॉमर्स वेबसाइटों से मंगवाई थी और उनमें से कुछ पिछले करीब दो साल से इसका इस्तेमाल कर रही थीं। इसके बाद उन्हें किडनी (गुर्दे) से जुड़ी समस्याएं होने लगीं।

In Short
- भारत में पाकिस्तान की Goree Beauty Cream पर प्रतिबंध, जांच में मिला जहरीला मरक्यूरी।
- नागपुर की महिलाओं में किडनी संबंधी शिकायतों के बाद FDA की जांच में खुलासा।
- महाराष्ट्र FDA ने शुरू की छापेमारी, लोगों से क्रीम का इस्तेमाल न करने की अपील।
पाकिस्तान में बनने वाली 'गोरी ब्यूटी क्रीम' पर भारत में पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। त्वचा गोरी करने का दावा करने वाली इस क्रीम की जांच में स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक तत्व पाए गए हैं। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की जांच में क्रीम में मरक्यूरी (पारा) की मौजूदगी सामने आई, जिसके बाद इस पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।
नागपुर की महिलाओं की शिकायत के बाद खुला मामला
मामले की शुरुआत नागपुर की कुछ महिलाओं की शिकायत से हुई। बताया गया कि उन्होंने यह क्रीम ई-कॉमर्स वेबसाइटों से मंगवाई थी और उनमें से कुछ पिछले करीब दो साल से इसका इस्तेमाल कर रही थीं। इसके बाद उन्हें किडनी (गुर्दे) से जुड़ी समस्याएं होने लगीं। शिकायत मिलने पर FDA ने क्रीम की जांच कराई, जिसमें मरक्यूरी जैसे जहरीले तत्व की पुष्टि हुई।
जांच में सामने आईं और भी गंभीर खामियां
FDA की जांच में यह भी पता चला कि क्रीम की पैकेजिंग पर एक्सपायरी डेट तक दर्ज नहीं थी। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के उत्पाद का इस्तेमाल शरीर पर कई गंभीर और नुकसानदायक प्रभाव डाल सकता है। इसी वजह से इस क्रीम पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया।
महाराष्ट्र भर में छापेमारी अभियान
प्रतिबंध के बाद FDA ने गोरी ब्यूटी क्रीम की जब्ती के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। नागपुर समेत पूरे महाराष्ट्र में छापेमारी की जा रही है ताकि बाजार में उपलब्ध इस क्रीम को हटाया जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस क्रीम को न खरीदें और न ही इसका इस्तेमाल करें।
इस कार्रवाई के साथ FDA ने ऑनलाइन माध्यमों से खरीदे जाने वाले कॉस्मेटिक उत्पादों को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है। फिलहाल, महाराष्ट्र में इस पाकिस्तानी क्रीम के खिलाफ अभियान जारी है।