इमरान खान की बढ़ीं मुश्किलें, भारत छोड़ने का मिला नोटिस
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान को मुंबई पुलिस ने भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद यह कार्रवाई हुई है। अमेरिकी नागरिकता और OCI कार्ड रखने वाले इमरान को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने को कहा गया है।

In Short
- आमिर खान के भांजे इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस।
- मुंबई में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने पर पुलिस की कार्रवाई।
- अमेरिकी नागरिकता और OCI कार्ड को लेकर इमरान खान पर उठे सवाल।
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे और एक्टर इमरान खान (Imran Khan) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के लिए कहा गया है। यह कार्रवाई मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है। इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है, जिसके जरिए वह भारत में रह और काम कर सकते हैं।
इमरान खान को क्यों मिला भारत छोड़ने का नोटिस?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
इस प्रदर्शन में इमरान खान के साथ उनकी पार्टनर और अभिनेत्री लेखा वॉशिंगटन और उनकी कजिन जैन मैरी खान भी मौजूद थीं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया था।
मुंबई पुलिस ने क्या कहा?
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं। इसके बावजूद उन्होंने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इसी आधार पर इमिग्रेशन कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत उन्हें लीव इंडिया नोटिस (LIN) जारी किया गया है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, पुलिस ने पुष्टि की है कि इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
प्रदर्शन में शामिल होने पर इमरान खान ने क्या कहा?
इमरान खान ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह किसी राजनीतिक पार्टी या संगठन की तरफ से प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए थे। वह मुंबई में रहने वाले व्यक्ति के तौर पर वहां पहुंचे थे।
उन्होंने लोगों की आवाज दबाने और आवाजाही पर पाबंदियों को लेकर सवाल उठाए थे। हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने पुलिस वैन के अंदर से अपनी तस्वीर भी शेयर की थी।
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने उठाए सवाल
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने इमरान खान की अमेरिकी नागरिकता को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने पुलिस से उनके नागरिकता संबंधी दस्तावेजों की जांच करने की मांग की थी।
सोमैया ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शनों के जरिए देश में भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने प्रदर्शन की फंडिंग पर भी सवाल उठाए। हालांकि, ये उनके आरोप हैं।
इमरान खान का फिल्मी करियर
इमरान खान ने साल 2008 में फिल्म जाने तू या जाने ना से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वह आई हेट लव स्टोरीज, मेरे ब्रदर की दुल्हन, एक मैं और एक तू और डेल्ही बेली जैसी फिल्मों में नजर आए।
लंबे ब्रेक के बाद वह 2026 की फिल्म हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस में दिखाई दिए थे। अब विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण उन्हें जारी भारत छोड़ने का नोटिस चर्चा में है।