UP में 24 जिलों पर ऑरेंज अलर्ट; दिल्ली-MP समेत कई राज्यों में भारी बारिश, 22 अगस्त तक बरसेंगे बादल
देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। आईएमडी ने 16 से 22 अगस्त के बीच कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल समेत कई इलाकों में तेज बारिश का खतरा है।

In Short
- 16 और 17 अगस्त को ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में बेहद भारी बारिश का अलर्ट
- 18 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में तेज बारिश का अनुमान
- 20 से 22 अगस्त के बीच मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और पूर्वोत्तर में बारिश का दौर जारी रह सकता है
उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। आज यानी 17 अगस्त को प्रदेश के बड़े हिस्से में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ समेत अवध, मध्यांचल और तराई के जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसून सक्रिय हुआ है। इसका असर सिर्फ यूपी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अगले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
यूपी के 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश और आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 22 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। लखनऊ समेत पूरे अवध, मध्यांचल और तराई के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी आने की आशंका है। नए अपडेट के मुताबिक अगले चार दिनों तक प्रदेश में जमकर बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के राष्ट्रीय बुलेटिन में भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान दिया गया है।
17 अगस्त को इन राज्यों में भी तेज बारिश
यूपी के अलावा आज ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगह बेहद भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, झारखंड और उत्तराखंड में भी कुछ जगह भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने देश के कई हिस्सों में तेज मानसूनी गतिविधि बने रहने की संभावना जताई है।
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में फ्लैश फ्लड का खतरा
ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में फ्लैश फ्लड का खतरा भी बना हुआ है। ओडिशा के अंगुल, बरगढ़, कटक, देवगढ़, जगतसिंहपुर, जाजपुर, झारसुगुड़ा, केंद्रपाड़ा, क्योंझर, मयूरभंज, पुरी और संबलपुर इसमें शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में ईस्ट मिदनापुर, हावड़ा, झाड़ग्राम, नॉर्थ 24 परगना, साउथ 24 परगना और वेस्ट मिदनापुर पर नजर रहेगी।
18 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी बारिश
18 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में बारिश बढ़ने का अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और झारखंड के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
19 से 22 अगस्त तक भी नहीं मिलेगी राहत
19 अगस्त को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख समेत उत्तर और मध्य भारत के कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। 20 और 21 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 22 अगस्त को असम-मेघालय, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पूर्वोत्तर और उत्तराखंड में भी तेज बारिश हो सकती है।
क्यों सक्रिय हुआ मानसून?
आईएमडी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से और पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश की बड़ी वजह है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़कर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। मानसून ट्रफ और अलग-अलग इलाकों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बारिश को बढ़ा रहे हैं। इसी कारण यूपी समेत देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है।