₹230 का खाना Swiggy पर हुआ ₹436 का, हैदराबाद शख्स के पोस्ट ने छेड़ी ऑनलाइन डिलीवरी पर बहस

ऑनलाइन फूड डिलीवरी की सुविधा और अतिरिक्त खर्च को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। हैदराबाद के एक शख्स ने रेस्टोरेंट और Swiggy पर एक ही खाने की कीमत की तुलना शेयर की। पोस्ट के मुताबिक, ₹230 का खाना ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ₹436 का दिखा। कीमतों के इस अंतर पर यूजर्स ने अलग-अलग राय दी।

Advertisement
हैदराबाद के शख्स ने रेस्टोरेंट और Swiggy पर खाने की कीमतों की तुलना की (फोटो: @idlebrainjeevi/X)
हैदराबाद के शख्स ने रेस्टोरेंट और Swiggy पर खाने की कीमतों की तुलना की (फोटो: @idlebrainjeevi/X)

In Short

  • हैदराबाद के शख्स ने रेस्टोरेंट और Swiggy पर एक ही खाने की कीमत की तुलना शेयर की।
  • ₹230 का रेस्टोरेंट बिल Swiggy पर बिना डिस्काउंट के ₹436 दिखा, अंतर ने खींचा ध्यान।
  • यूजर्स ने सुविधा और अतिरिक्त डिलीवरी लागत को लेकर अपनी-अपनी राय रखी।

By Shakshi:

ऑनलाइन फूड डिलीवरी की सुविधा और उसके अतिरिक्त खर्च को लेकर सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है। हैदराबाद के एक शख्स ने रेस्टोरेंट के बिल और Swiggy पर उसी खाने की कीमत की तुलना शेयर की, जिसमें करीब दोगुने का अंतर देखने को मिला।

हैदराबाद के यूजर @idlebrainjeevi ने X (पूर्व में Twitter) पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने Panchakattu Dosa, बंजारा हिल्स, हैदराबाद के खाने की ऑफलाइन और ऑनलाइन कीमतों की तुलना दिखाई।

पोस्ट के मुताबिक, रेस्टोरेंट में जिस खाने का बिल 230 रुपये आया, वही खाना Swiggy पर बिना किसी डिस्काउंट या कूपन के 436 रुपये का दिख रहा था। कीमतों के इस अंतर ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म की फीस और सुविधा को लेकर लोगों के बीच चर्चा शुरू कर दी।

रेस्टोरेंट और Swiggy की कीमत में बड़ा अंतर

शेयर किए गए बिल के अनुसार, रेस्टोरेंट में Neyyi Kaaram Onion Dosa की कीमत 104 रुपये थी। वहीं Neyyi Pongal 85 रुपये और Filter Coffee 28 रुपये की थी। इन सभी चीजों की कुल कीमत 219.04 रुपये थी, जो GST के बाद बढ़कर 230 रुपये हो गई।

वहीं, Swiggy पर यही आइटम काफी महंगे नजर आए। प्लेटफॉर्म पर Onion Dosa की कीमत 149 रुपये, Pongal की कीमत 115 रुपये और Special Filter Coffee की कीमत 120 रुपये दिखाई गई हैं। इनकी कुल कीमत 436 रुपये पहुंच गई।

यानी दोनों कीमतों के बीच करीब 206 रुपये का अंतर था।

सोशल मीडिया पर लोगों ने दी अलग-अलग राय

पोस्ट वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी के बढ़ते खर्च पर सवाल उठाए। कुछ लोगों का कहना था कि अगर पास में अच्छा रेस्टोरेंट है तो वहां जाकर खाना ज्यादा किफायती हो सकता है।

एक यूजर ने लिखा, "रेस्टोरेंट जाने और आने का खर्च जोड़ने के बाद भी कई बार ऑनलाइन डिलीवरी से सस्ता पड़ता है।"

वहीं, कुछ लोगों ने डिलीवरी प्लेटफॉर्म का बचाव भी किया। एक यूजर ने कहा, "अगर ऑनलाइन और ऑफलाइन कीमत बिल्कुल समान होगी तो डिलीवरी कंपनियां और डिलीवरी पार्टनर्स कैसे कमाएंगे? इसी वजह से दोनों में अंतर होता है।"

सुविधा के लिए देना पड़ता है अतिरिक्त पैसा?

कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि तुलना करते समय डिस्काउंट, कूपन, यात्रा का समय और घर बैठे खाना मिलने की सुविधा को भी ध्यान में रखना चाहिए।

उनका कहना था कि कई लोगों के लिए अतिरिक्त कीमत सिर्फ खाने की नहीं, बल्कि सुविधा, समय बचाने और घर तक डिलीवरी की कीमत होती है।

यह पहली बार नहीं है जब ऑनलाइन और ऑफलाइन कीमतों को लेकर चर्चा हुई है। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर रेस्टोरेंट कीमतों, प्लेटफॉर्म फीस और डिलीवरी चार्ज को लेकर ग्राहक अक्सर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं, कंपनियों का तर्क है कि ऑनलाइन ऑर्डरिंग में टेक्नोलॉजी, डिलीवरी नेटवर्क और सुविधा की लागत भी शामिल होती है।

Read more!
Advertisement