पूरा कर्ज चुकाने के 7 साल बाद भी नहीं मिले मकान के कागज, अब हर दिन देने होंगे ₹5000
SBI से होम लोन लेने वाले एक बुजुर्ग को पूरा कर्ज चुकाने के बाद भी अपने मकान के असली कागजात वापस नहीं मिले। कई साल तक परेशान रहने के बाद मामला उपभोक्ता आयोग पहुंचा, जहां बैंक की लापरवाही पर बड़ा फैसला सुनाया गया। जानिए क्या है पूरा मामला।

In Short
- 2019 में पूरा होम लोन चुकाने के बावजूद SBI ने बुजुर्ग को मकान के असली कागजात नहीं लौटाए।
- उपभोक्ता आयोग ने SBI को 13 मई 2019 से दस्तावेज लौटाने तक रोजाना ₹5000 देने का आदेश दिया।
- बैंक को ₹10,000 मुकदमे का खर्च भी देना होगा, आदेश मानने के लिए 45 दिन की मोहलत मिली।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें होम लोन चुकाने के करीब सात साल बाद भी एक बुजुर्ग को अपने मकान के असली कागजात वापस नहीं मिले। मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ा है। अब जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने इस मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। आयोग ने बैंक को मकान के मूल दस्तावेज लौटाने के साथ ही देरी के लिए हर दिन 5000 रुपये देने का आदेश दिया है। इसके अलावा बैंक को मुकदमे के खर्च के तौर पर 10,000 रुपये भी चुकाने होंगे।
1997 में लिया था होम लोन
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अलीगढ़ की ज्ञान सरोवर कॉलोनी में रहने वाले 70 साल के गुलवीर सिंह चौहान ने साल 1997 में SBI की बाराद्वारी स्थित सिटी ब्रांच से होम लोन लिया था। इस लोन के बदले उन्होंने अपने मकान की असली सेल डीड बैंक में जमा कराई थी। इस दस्तावेज का नंबर 7134 था और यह 18 दिसंबर 1997 का था।
गुलवीर सिंह ने 13 मई 2019 को अपना पूरा होम लोन चुका दिया था। बैंक की तरफ से उन्हें नो ड्यूज सर्टिफिकेट भी मिल गया था। इसके बावजूद जब उन्होंने अपने मकान के असली कागजात वापस मांगे, तो बैंक उन्हें ढूंढ नहीं पाया।
लोन खत्म होने के बाद भी नहीं मिले कागजात
बैंक ने 13 फरवरी 2020 को एक पत्र जारी कर पुष्टि की थी कि गुलवीर सिंह का लोन अकाउंट 13 मई 2019 को बंद हो चुका था और उन पर कोई बकाया नहीं था।
लेकिन लोन चुकाने के बाद भी मकान के दस्तावेज नहीं मिलने से उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। गुलवीर सिंह के मुताबिक, असली सेल डीड नहीं होने की वजह से मकान के मालिकाना हक से जुड़े काम प्रभावित हुए। दूसरे बैंक से लोन लेने और प्रॉपर्टी ट्रांसफर करने में भी दिक्कतें आईं।
उपभोक्ता आयोग पहुंचा मामला
आखिरकार गुलवीर सिंह ने 13 जून 2023 को उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई। सुनवाई के दौरान SBI ने स्वीकार किया कि उसने होम लोन दिया था और मूल सेल डीड अपने पास जमा की थी। हालांकि, बैंक ने शिकायत को गलत बताया।
आयोग के अध्यक्ष हसनैन कुरैशी और सदस्य पूर्णिमा सिंह राजपूत की बेंच ने मामले की सुनवाई की। आयोग ने माना कि लोन चुकाने के बावजूद असली दस्तावेज वापस नहीं करना बैंक की सेवा में कमी है।
हर दिन देने होंगे 5000 रुपये
आयोग ने SBI को आदेश दिया कि वह गुलवीर सिंह की मूल सेल डीड वापस करे। साथ ही 13 मई 2019 से लेकर दस्तावेज लौटाने तक हर दिन के हिसाब से 5000 रुपये का भुगतान करे।
इसके अलावा बैंक को मुकदमे के खर्च के तौर पर 10,000 रुपये भी देने होंगे। आयोग ने आदेश का पालन करने के लिए 45 दिन का समय दिया है। अगर बैंक तय समय में आदेश नहीं मानता है, तो उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की धारा 72 के तहत उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।