मेरी छाती की तरफ घूर रहा था...मैं रो पड़ी...TCS नासिक कांड की पीड़िता का दिल दहला देने वाला बयान
महाराष्ट्र के नासिक में एक महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि उसे चार साल तक यौन उत्पीड़न, अश्लील टिप्पणियों और अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा। उसने बताया कि एक सहकर्मी उसकी छाती को घूरता था। कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

TCS Nashik Case: महाराष्ट्र के नासिक में टीसीएस कांड के एक मामले में एक पीड़िता ने चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। आजतक की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक 11 साल से कंपनी में काम कर रही एक महिला का कहना है कि उसे चार साल तक लगातार यौन उत्पीड़न, अश्लील टिप्पणियों और निजी जीवन पर आपत्तिजनक बातों का सामना करना पड़ा। कई शिकायतों के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इससे पहले यह सामने आया था कि टेलीकॉलर या एसोसिएट के रूप में काम करने वाली महिलाओं को सात से आठ कर्मचारियों के गिरोह ने निशाना बनाया। उन्होंने पीड़िताओं का यौन उत्पीड़न किया, बुरा स्पर्श किया और निजी जीवन व धार्मिक रीति-रिवाजों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। आरोपियों ने टीम लीडर के रूप में काम करने वाली महिला को भी निशाना बनाया। यह उत्पीड़न चार साल तक चलता रहा और पीड़िता ने कई बार सीनियर्स से शिकायत की।
नासिक TCS में पीड़िता को जिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, वे बेहद शर्मनाक और खराब थीं। शिकायतों के बाद भी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में कहा गया है कि इस सेंटर में कपड़े, शरीर, रूप-रंग और अन्य बातों पर टिप्पणी करना आम बात थी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: TCS नासिक विवाद पर सीईओ कृतिवासन का बयान, कहा- निदा खान HR मैनेजर...
पीड़िता का बयान
पीड़िता ने अपने बयान में कहा कि मैं पिछले 11 साल से TCS में काम कर रही हूं और पिछले सात साल से TCS नासिक ब्रांच में टीम लीडर हूं। लीडरशिप टीम में छह लोग हैं, जो सभी ऑपरेशंस हेड अश्विनी चैनानी और अन्य अधिकारियों के अधीन काम करते हैं। मेरे सुपरविजन में 27 एसोसिएट काम कर रहे हैं, जिनमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं।
दानिश शेख, तौसीफ शेख, रजा मेमन, शफी शेख, शाहरुख कुरैशी, आसिफ अंसारी और एक अन्य व्यक्ति हमारे ऑफिस में काम करते हैं, जिन्हें मैं अच्छी तरह जानती हूं। इन लोगों ने ऑफिस में एक गुट बना लिया है और जानबूझकर दूसरे धर्मों के स्टाफ को परेशान करते हैं। वे मूर्तियों के बारे में अपमानजनक बातें कहते हैं, अश्लील टिप्पणियां करते हैं और महिलाओं को सिर से पांव तक गलत तरीके से घूरते हैं।
साल 2022 की एक घटना का जिक्र करते हुए पीड़िता ने कहा कि मैं एक मीटिंग में बैठी थी। तभी शफी शेख मेरे सामने करीब तीन फीट की दूरी पर खड़ा था। अचानक मुझे एहसास हुआ कि वह लगातार मेरी छाती की तरफ घूर रहा है और मुस्कुरा रहा है। मैं बेहद असहज हो गई और वहां से तुरंत उठकर बाहर चली गई। बाहर जाकर मैं रो पड़ी।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
पीड़िता ने एक अन्य टीम लीडर को इस बारे में बताया, जिन्होंने उसे संभाला और सीनियर मैनेजर के पास लेकर गए। उन्होंने पूरी घटना बताई और ईमेल के जरिए शिकायत भी दर्ज कराई। लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ इतना हुआ कि शफी शेख का विभाग बदल दिया गया।
इसके बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला। वह बिना किसी वजह मेरे आसपास घूमता रहता था, मुझसे बात करने की कोशिश करता था। मैंने कई बार उसे नजरअंदाज किया, लेकिन वह बाज नहीं आया। मेरे अलावा कई अन्य महिला कर्मचारियों ने भी उसके खिलाफ शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: बच्चा चाहिए तो अपनी पत्नी को भेजो, नमाज पढ़ो, धमकी और... TCS के एक पुरुष कर्मचारी ने लगाए चौंकाने वाले आरोप
पुलिस में दर्ज हुआ मामला
फरवरी 2026 की एक घटना का जिक्र करते हुए पीड़िता ने कहा कि उस समय मैं बहुत परेशान थी, क्योंकि मेरा हाल ही में मिसकैरेज हुआ था। उसी दौरान लंच ब्रेक में तौसीफ अत्तार मेरे पास आया। उसने मेरी तबीयत के बारे में पूछा। जब मैंने उसे अपनी स्थिति बताई, तो उसने मुझे ऊपर से नीचे तक घूरा और अजीब नजरों से देखने लगा। फिर उसने मुझसे कहा कि मैं तुम्हें अजमेर के एक मौलवी का नंबर दूंगा। अगर तुम वहां जाओगी, तो तुम्हें बच्चा जरूर होगा। यह सुनकर मैं अंदर से टूट गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है, जो पुलिस द्वारा दर्ज की गई नौ एफआईआर का हिस्सा है।