‘हनुमान अंश’ की सफलता के बीच उत्तराखंड सरकार का खास तोहफा, राज्य में फिल्म हुई टैक्स फ्री

बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया है। सरकार सिनेमाघरों में टिकटों पर लगने वाले SGST की भरपाई करेगी। महज ₹2 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अपनी कमाई और सफलता को लेकर चर्चा में बनी हुई है।

Advertisement

In Short

  • उत्तराखंड सरकार ने ‘हनुमान अंश’ को किया टैक्स फ्री, टिकटों पर लगने वाले SGST की भरपाई करेगी सरकार।
  • बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म का बजट सिर्फ ₹2 करोड़, छोटे बजट में बनी बड़ी सफलता।
  • ‘हनुमान अंश’ ने सीमित बजट में बनाई अपनी पहचान, कई बड़े बजट वाली फिल्मों से अलग दिखा इसका सफर।

By Sonam:

उत्तराखंड सरकार ने बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है। सरकार अब सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में फिल्म के टिकटों पर लगने वाले स्टेट गुड्स एंड सर्विस टैक्स (SGST) की भरपाई करेगी।

उत्तराखंड सूचना महानिदेशक और उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद (UFDC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने इस संबंध में राज्य कर विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार के इस फैसले के बाद फिल्म देखने वालों को टिकट पर लगने वाले SGST से राहत मिलेगी।

SGST की भरपाई करेगी राज्य सरकार

उत्तराखंड सरकार के फैसले के तहत अब फिल्म के टिकटों पर लगने वाले SGST को सरकार वापस करेगी। इससे सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने वाले दर्शकों को टैक्स का भुगतान नहीं करना होगा।  इससे टिकट खरीदने वाले दर्शकों पर टैक्स का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

बंशीधर तिवारी की ओर से जारी निर्देशों के बाद राज्य कर विभाग इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। सरकार के इस कदम से ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री फिल्म का दर्जा मिल गया है।

Image Credit : ANI/X handle

कम बजट में बड़ी सफलता हासिल कर रही ‘हनुमान अंश’

कहने को तो कई बड़ी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की और दर्शकों से खूब सराहना भी हासिल की। लेकिन हाल ही में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ ने अपनी अलग पहचान बनाई है। भले ही फिल्म की कमाई 400-500 करोड़ या 1000-2000 करोड़ रुपये तक नहीं पहुंची हो, लेकिन अपने छोटे बजट की वजह से यह फिल्म बेहद सफल साबित हुई है।

नीम करोली बाबा की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका कम बजट है। इसी वजह से फिल्म को हिंदी सिनेमा की सबसे मुनाफेदार फिल्मों में शामिल किया जा रहा है।

सिर्फ 2 करोड़ रुपये था फिल्म का बजट

‘हनुमान अंश’ का बजट करीब 2 करोड़ रुपये बताया गया है। आमतौर पर बॉलीवुड में इतनी रकम कई बार फिल्मों की मार्केटिंग या बड़े कलाकारों की फीस पर खर्च हो जाती है। इसके मुकाबले ‘हनुमान अंश’ ने सीमित बजट में दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाई है।

वहीं, जिन फिल्मों का बजट चर्चा में रहा है, उनमें ‘धुरंधर’, ‘एनिमल’, ‘पठान’, ‘छावा’, ‘दंगल’ और ‘सैयारा’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों का बजट करीब 50 करोड़ रुपये से लेकर 250 करोड़ रुपये तक बताया जाता है।

Read more!
Advertisement