GTA 6 के लिए 13 साल किया इंतजार, अब Blinkit पर मिनटों में होगी डिलीवरी! जानें किन शहरों में मिलेगा
GTA 6 का इंतजार कर रहे गेमर्स के लिए बड़ी खबर है। करीब 13 साल बाद इस गेम की रिलीज के साथ Blinkit ने भी इसकी डिलीवरी शुरू करने का ऐलान किया है। ग्राहक अब घर बैठे GTA 6 का फिजिकल बॉक्स मंगा सकते हैं, जिसमें गेम डाउनलोड करने के लिए कोड मिलेगा। जानिए किन 11 शहरों में यह सुविधा शुरू हुई है और गेम कब से खेल सकेंगे।

In Short
- GTA 6 अब Blinkit पर उपलब्ध, चुनिंदा इलाकों में मिनटों में डिलीवरी का दावा।
- दिल्ली, नोएडा, मुंबई और बेंगलुरु समेत 11 शहरों में शुरू हुई सुविधा।
- गेम के फिजिकल बॉक्स में मिलेगी डाउनलोड कोड की सुविधा, 19 नवंबर से खेल सकेंगे।
नियाभर के गेमर्स के लिए बड़ी खबर है। करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद Grand Theft Auto 6 (GTA 6) अब Blinkit पर उपलब्ध हो गया है। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Blinkit ने इस गेम की डिलीवरी शुरू करने का ऐलान किया है। यानी जिस गेम का इंतजार लोगों ने 13 साल तक किया, उसे अब कुछ ही मिनटों में घर मंगाया जा सकता है। Blinkit के CEO अलबिंदर ढींडसा (Albinder Dhindsa) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है।
Blinkit पर कैसे मिलेगा GTA 6?
अलबिंदर ढींडसा ने अपनी पोस्ट में बताया कि GTA 6 अब Blinkit पर लाइव हो गया है। उन्होंने लिखा कि GTA 6 को रिलीज होने में 13 साल लग गए और इस दौरान हमने Blinkit बना लिया, ताकि लोग इस गेम को मिनटों में अपने घर मंगा सकें।
खास बात यह है कि Blinkit ग्राहकों को गेम की फिजिकल बॉक्स पैकिंग डिलीवर करेगा। हालांकि, इस बॉक्स के अंदर गेम की डिस्क नहीं, बल्कि एक डाउनलोड कोड मिलेगा। ग्राहक इस कोड की मदद से गेम डाउनलोड कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, बॉक्स को गेमर्स अपने कलेक्शन में भी रख सकते हैं।
किन शहरों में मिलेगी GTA 6 की डिलीवरी?
Blinkit ने फिलहाल GTA 6 की डिलीवरी कुछ चुनिंदा इलाकों में शुरू की है। इनमें दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, पुणे, कोलकाता और अहमदाबाद शामिल हैं।
कंपनी ने बताया कि आज और कल के बीच कुछ और शहरों में भी इसकी डिलीवरी शुरू की जाएगी। हालांकि, हर शहर के सभी इलाकों में यह सुविधा उपलब्ध होना जरूरी नहीं है। ग्राहक Blinkit ऐप पर अपने इलाके में गेम की उपलब्धता चेक कर सकते हैं।
19 नवंबर से खेल सकेंगे GTA 6
Blinkit के मुताबिक, ग्राहक अभी GTA 6 का बॉक्स मंगाकर गेम डाउनलोड करना शुरू कर सकते हैं, ताकि 19 नवंबर से इसे खेलने के लिए तैयार रहें।
अलबिंदर ढींडसा ने अपनी पोस्ट के आखिर में मजाकिया अंदाज में लिखा कि अगले कुछ दिनों में ऑफिस से बीमारी के नाम पर छुट्टी लेने वालों की संख्या संदिग्ध रूप से बढ़ सकती है।
हालांकि, Blinkit ने अपनी पोस्ट में गेम की कीमत या छह मिनट में डिलीवरी की कोई निश्चित गारंटी नहीं बताई है। डिलीवरी का समय ग्राहक की लोकेशन और उपलब्धता पर निर्भर करेगा।