11 हजार कैंसर मरीजों के लिए नई दवा! GSK की Blenrep कितनी असरदार, क्या होगी कीमत?
ब्लड कैंसर के एक प्रकार मल्टीपल मायलोमा से जूझ रहे मरीजों के लिए भारत में नई दवा लॉन्च हुई है। दवा कंपनी GSK ने Blenrep को बाजार में उतारा है, जिसका लक्ष्य करीब 11 हजार मरीजों तक इलाज का विकल्प पहुंचाना है। कंपनी ने इसकी कीमत और क्लिनिकल ट्रायल के नतीजों को लेकर भी जानकारी दी है। जानिए किन मरीजों के लिए यह दवा मंजूर हुई है।

In Short
- GSK ने भारत में ब्लड कैंसर की नई दवा Blenrep लॉन्च की, 11 हजार मरीजों तक पहुंचाने का लक्ष्य।
- नई दवा की कीमत मौजूदा इलाज के आसपास होगी, मरीज के वजन और डोज पर निर्भर करेगा खर्च।
- क्लिनिकल ट्रायल में बीमारी को बढ़ने से रोकने की अवधि करीब तीन गुना रही।
ब्लड कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए एक अहम खबर है। दवा बनाने वाली कंपनी ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन (GSK) ने भारत में मल्टीपल मायलोमा (Multiple Myeloma) के इलाज के लिए नई दवा Blenrep लॉन्च की है। कंपनी का लक्ष्य देश के करीब 11,000 ऐसे मरीजों तक यह दवा पहुंचाना है, जिनका पहले इलाज हो चुका है और अब उन्हें दूसरे या तीसरे चरण की थेरेपी की जरूरत है।
क्या है मल्टीपल मायलोमा?
मल्टीपल मायलोमा एक तरह का ब्लड कैंसर है, जो हड्डियों के अंदर मौजूद बोन मैरो की प्लाज्मा कोशिकाओं में विकसित होता है। यह दुनिया में दूसरा सबसे आम ब्लड कैंसर है।
इस बीमारी का इलाज संभव है, लेकिन आमतौर पर इसे पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी नहीं माना जाता।
कितनी होगी नई दवा की कीमत?
CNBC की रिपोर्ट के मुताबिक, GSK India के मैनेजिंग डायरेक्टर भूषण अक्षीकर ने बताया कि Blenrep की कीमत मौजूदा इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के आसपास रखी जाएगी।
हालांकि, इलाज का कुल खर्च मरीज के वजन, डॉक्टर की सलाह और जरूरी डोज की संख्या पर निर्भर करेगा। इसलिए हर मरीज के लिए खर्च अलग हो सकता है।
कैसे काम करती है Blenrep?
Blenrep एक एंटीबॉडी-ड्रग कॉन्जुगेट (ADC) थेरेपी है। इसे खास तौर पर कैंसर से जुड़ी कोशिकाओं को निशाना बनाने के लिए तैयार किया गया है।
यह दवा BCMA नाम के प्रोटीन को टारगेट करती है। भारत के दवा नियामक CDSCO ने इसे उन वयस्क मरीजों के लिए दूसरी दवाओं के साथ इस्तेमाल करने की मंजूरी दी है, जो पहले कम से कम एक बार इलाज करा चुके हैं।
क्लिनिकल ट्रायल में क्या सामने आया?
कंपनी के मुताबिक, DREAMM-7 और DREAMM-8 नाम के तीसरे चरण के क्लिनिकल ट्रायल में उत्साहजनक नतीजे मिले हैं। इन अध्ययनों में मौजूदा मानक इलाज की तुलना में बीमारी को आगे बढ़ने से रोकने की अवधि लगभग तीन गुना रही।
Blenrep भारत में GSK की तीसरी प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी थेरेपी है।
दवाओं के ट्रेड मार्जिन पर क्या बोली कंपनी?
सरकार ने कुछ कैंसर दवाओं के ट्रेड मार्जिन की अधिकतम सीमा 30 प्रतिशत तय की है।
भूषण अक्षीकर के मुताबिक, इस फैसले का कंपनी पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि GSK प्रतिस्पर्धी कीमतों पर नई दवाएं भारतीय मरीजों तक पहुंचाने के प्रयासों का समर्थन करती है।