अप्रैल में सर्विस सेक्टर ने पकड़ी रफ्तार, होटल-रेस्टोरेंट और रिटेल कारोबार में आई बड़ी तेजी

सरकार ने पहली बार इंडेक्स ऑफ सर्विसेज प्रोडक्शन (ISP) जारी किया है। अप्रैल के आंकड़ों में होटल, रेस्टोरेंट, रिटेल और रियल एस्टेट सेक्टर में सबसे तेज ग्रोथ दर्ज हुई है। वहीं हवाई यात्रा और रेलवे परिवहन में हल्की सुस्ती देखने को मिली। रिपोर्ट से सर्विस सेक्टर की मासिक स्थिति का स्पष्ट संकेत मिलता है।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

अब देश की सर्विस सेक्टर की सेहत को समझना और भी आसान हो गया है। सरकार ने पहली बार ‘इंडेक्स ऑफ सर्विसेज प्रोडक्शन’ (ISP) जारी किया है, जो देश के सर्विस सेक्टर की मंथली रफ्तार का सटीक आईना पेश करता है। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की इस नई रिपोर्ट से पता चलता है कि अप्रैल के महीने में सर्विस सेक्टर में जबरदस्त हलचल रही।

होटल और रिटेल का बोलबाला

अप्रैल के आंकड़ों के मुताबिक, देश में होटल, रेस्टोरेंट और फूड बिजनेस से जुड़ी कंपनियों ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। इन कंपनियों की बुकिंग, बिलिंग और ऑर्डर में सालाना आधार पर 37.2 फीसदी की बड़ी उछाल आई है। इसी तरह, रिटेल बिजनेस भी पीछे नहीं है और 30.8 फीसदी की ग्रोथ के साथ दूसरे पायदान पर काबिज है।

रियल एस्टेट और अन्य क्षेत्रों की दौड़

विकास की यह रफ्तार केवल होटल और रिटेल तक ही सीमित नहीं है। रियल एस्टेट सर्विस ने 27.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है, जबकि प्रशासनिक एवं सहयोगी सर्विस में 28.7 फीसदी का इजाफा हुआ है। इसके अलावा, टेलीकॉम, रिपेयरिंग, थोक व्यापार, ट्रांसपोर्ट और वेयरहाउसिंग जैसे क्षेत्रों में भी 15 से 23 फीसदी तक की मजबूत सालाना वृद्धि देखी गई है। मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल में ट्रैक किए गए 19 में से 14 बड़े सेगमेंट ने 10 फीसदी से ज्यादा की ग्रोथ दिखाई है।

कहां दिखी सुस्ती?

जहां ज्यादातर सेक्टर तेजी की राह पर हैं, वहीं कुछ क्षेत्रों में दबाव भी दिखा। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर हवाई यात्रा पर पड़ा है, जिससे इसमें 4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह, रेलवे परिवहन में भी 0.4 फीसदी की मामूली कमी आई है। वित्तीय सेवाएं, सूचना एवं प्रसारण और डाक-कूरियर सेवाओं ने 2.5 से 3.3 फीसदी के बीच धीमी लेकिन सकारात्मक वृद्धि दर्ज की है।

Read more!
Advertisement