पार्क की बेंच पर बैठना महिला को पड़ा महंगा, इस अनोखे नियम के चलते लगा ₹2,550 का जुर्माना

जिंदगी की परेशानियों से जूझ रही एक महिला को पार्क में कुछ देर अकेले बैठना महंगा पड़ गया। महिला पर अधिकारियों ने जुर्माना लगा दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के फैसले पर सवाल उठाए हैं। आखिर ऐसा कौन सा नियम है, जिसके चलते महिला पर कार्रवाई हुई?

Advertisement

In Short

  • जर्मनी में 31 साल की महिला पर लगा ₹2,550 का जुर्माना।
  • बच्चों के प्लेग्राउंड में अकेले बैठने पर अधिकारियों ने की कार्रवाई।
  • स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी, प्रशासन ने फैसले को बताया सही।

By Shraddha Shukla:

अक्सर लोग अपनी जिंदगी की परेशानियों से कुछ देर दूर रहने और सुकून पाने के लिए पार्क में जाकर बैठते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा करना भी आपको महंगा पड़ सकता है? जर्मनी में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसने कानून और इंसानियत को लेकर बहस छेड़ दी है। इस घटना के बाद जहां स्थानीय लोग नाराज हैं, वहीं प्रशासन अपने फैसले को सही बता रहा है। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है और आखिर किस नियम के चलते यह कार्रवाई हुई।

पार्क में बैठना महिला को पड़ा महंगा

जर्मनी के गेल्सेनकिर्चेन शहर में 31 साल की हाना नाम की महिला पर बच्चों के प्लेग्राउंड में बिना किसी बच्चे के बैठने पर 25 यूरो यानी करीब 2,550 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जर्मन न्यूज वेबसाइट WDR के मुताबिक, हाना अपनी जिंदगी की परेशानियों के बारे में अपनी आंटी से फोन पर बात कर रही थीं। इसी दौरान वह भावुक होकर रोने लगीं।

अधिकारियों ने पूछा बच्चों से जुड़ा सवाल

इसी दौरान नगर प्रशासन के तीन अधिकारी हाना के पास पहुंचे। उन्होंने पूछा कि आसपास खेल रहे बच्चे क्या उनके हैं? जब हाना ने मना किया तो अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इसके लिए उन्हें जुर्माना भरना होगा। हाना ने बताया कि पढ़ाई और पैसों से जुड़ी परेशानियों के चलते वह काफी दबाव में थीं और कुछ समय अकेले बिताना चाहती थीं।

आखिर क्या है जर्मनी के इस शहर का नियम?

गेल्सेनकिर्चेन के पब्लिक ऑर्डर ऑर्डिनेंस के सेक्शन 12 के तहत प्लेग्राउंड केवल 14 साल या उससे कम उम्र के बच्चों के लिए हैं। यहां वयस्क तभी आ सकते हैं, जब वे वहां मौजूद बच्चों के माता-पिता या गार्जियन हों। हालांकि, प्लेग्राउंड में लगे नोटिस पर साफ तौर पर यह नहीं लिखा है कि बिना बच्चों के आए वयस्क बेंच पर भी नहीं बैठ सकते।

प्रतीकात्मक तस्वीर

महिला ने भरा जुर्माना, उठाए सवाल

हाना ने शुरुआत में अधिकारियों को अपनी परेशानी समझाने की कोशिश की, लेकिन अतिरिक्त खर्च से बचने के लिए आखिरकार जुर्माना भर दिया। उनका कहना था कि अधिकारी उन्हें प्यार से नियम समझा सकते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी को रोते देखकर पहले उसकी परेशानी पूछने और मदद की पेशकश करने में क्या दिक्कत थी? कानून और इंसानियत साथ-साथ चल सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

घटना के एक चश्मदीद ने कहा कि कुछ देर आराम करने वाली महिला पर जुर्माना लगाना बेतुका है। वहीं, एक अन्य महिला ने बताया कि वह 64 साल से यहां रह रही हैं और हमेशा इस बेंच पर बैठती आई हैं, लेकिन कभी किसी ने उन्हें नहीं रोका।

प्रशासन ने किया फैसले का बचाव

शहर के प्रवक्ता मार्टिन शुलमान ने 25 यूरो के जुर्माने को मामूली और नियम के हिसाब से उचित कार्रवाई बताया। अधिकारियों पर गलत तरीके से बातचीत करने के आरोप भी लगे थे। हालांकि, प्रशासन ने जांच के बाद इन आरोपों को खारिज कर दिया।

Read more!
Advertisement