FSSAI का सख्त कदम, घी के सैंपल में मिली खामी के बाद बिक्री पर रोक

FSSAI ने फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर दो कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। दिल्ली की मार्चे रिटेल का लाइसेंस 30 दिनों के लिए सस्पेंड किया गया है, जबकि दमन की एसडीपी इंडस्ट्रीज के घी प्रोडक्ट्स की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

Advertisement

In Short

  • FSSAI ने मार्चे रिटेल का फूड लाइसेंस 30 दिनों के लिए सस्पेंड किया
  • एसडीपी इंडस्ट्रीज के घी सैंपल में मिली अनियमितताओं के बाद बिक्री पर रोक
  • श्रद्धा श्री सारस और गोकुल ब्रांड के घी प्रोडक्ट्स पर लागू हुई कार्रवाई

By Gaurav Kumar:

FSSAI ने फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन को लेकर दो कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। दिल्ली की मार्चे रिटेल प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस 30 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है, वहीं दमन की एसडीपी इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के सभी घी प्रोडक्ट्स की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

मार्चे रिटेल का लाइसेंस 30 दिन के लिए सस्पेंड

FSSAI के मुताबिक मार्चे रिटेल के परिसर की जांच में फूड सेफ्टी से जुड़ी कई कमियां मिलीं। इनमें परिसर की डिजाइन और रखरखाव, ऑपरेशनल प्रोसेस, साफ सफाई, कर्मचारियों की हाइजीन, स्टाफ ट्रेनिंग और जरूरी रिकॉर्ड्स का रखरखाव शामिल था।

इन कमियों को देखते हुए रेगुलेटर ने कंपनी का फूड लाइसेंस 30 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया है। इस अवधि में कंपनी को सभी फूड से जुड़ी गतिविधियां रोकने का निर्देश दिया गया है। कंपनी को दोबारा कारोबार शुरू करने से पहले बताई गई कमियों को दूर करना होगा।

एसडीपी इंडस्ट्रीज के घी प्रोडक्ट्स पर रोक

एसडीपी इंडस्ट्रीज के खिलाफ कार्रवाई घी के सैंपल की लैब टेस्टिंग के बाद की गई। जांच में घी में A-साइटोस्टेरॉल पाया गया, जो असली घी में मौजूद नहीं होना चाहिए। इसके अलावा प्रोडक्ट के फैटी एसिड प्रोफाइल में भी अनियमितताएं मिलीं।

FSSAI के अनुसार इन जांच नतीजों से घी में वेजिटेबल या दूसरे बाहरी फैट की मौजूदगी की संभावना सामने आई है। इसे देखते हुए एसडीपी इंडस्ट्रीज को अपने अधिकृत परिसर से बनाए गए, स्टोर किए गए या मार्केट किए गए घी की बिक्री रोकने का आदेश दिया गया है।

यह रोक श्रद्धा, श्री सारस और गोकुल ब्रांड के घी प्रोडक्ट्स पर लागू की गई है।

फूड कंपनियों पर बढ़ी FSSAI की निगरानी

FSSAI की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब रेगुलेटर रेस्टोरेंट, रिटेलर्स और कंज्यूमर ब्रांड्स की फूड सेफ्टी जांच बढ़ा रहा है।

हाल के हफ्तों में KFC, पिज्जा हट, मैकडॉनल्ड्स, सबवे, बर्गर किंग, स्टारबक्स और मोंगिनिस जैसी बड़ी चेन भी जांच के दायरे में आई हैं। इसके अलावा जेप्टो, ब्लिंकिट और इंस्टामार्ट जैसी क्विक कॉमर्स कंपनियों की भी जांच की गई है।

FSSAI ने फूड सेफ्टी, हाइजीन, लेबलिंग और प्रोडक्ट क्वालिटी से जुड़े उल्लंघनों पर कार्रवाई जारी रखी है।

Read more!
Advertisement