Priyagold बिस्किट बनाने वाली कंपनी पर FSSAI का एक्शन, पशुओं के चारे वाला चोकर इस्तेमाल करने का आरोप

Priyagold बिस्किट बनाने वाली कंपनी Surya Food & Agro Ltd. के खिलाफ FSSAI ने सख्त कार्रवाई की है। कंपनी पर बिस्किट बनाने में पशुओं के चारे के लिए रखे गए चोकर का इस्तेमाल करने का आरोप है। उपभोक्ता की शिकायत पर हुई जांच में फैक्ट्री में कई गंभीर खामियां मिलीं। इसके बाद लाइसेंस निलंबित कर दिया गया और अभियोजन की मंजूरी दी गई।

Advertisement
FSSAI ने Priyagold बिस्किट की निर्माता कंपनी Surya Food & Agro Ltd. के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।
FSSAI ने Priyagold बिस्किट की निर्माता कंपनी Surya Food & Agro Ltd. के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।

In Short

  • Priyagold बिस्किट बनाने वाली Surya Food & Agro Ltd. पर पशुओं के चारे वाला चोकर इस्तेमाल करने का आरोप लगा है।
  • FSSAI ने फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर खामियां मिलने के बाद कंपनी का लाइसेंस निलंबित किया।
  • FSSAI ने Dodla Dairy और Ueir Organic Foods के खिलाफ भी खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर अभियोजन की मंजूरी दी।

By Shakshi:

Priyagold बिस्किट बनाने वाली कंपनी Surya Food & Agro Ltd. के खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कार्रवाई की है। कंपनी पर बिस्किट बनाने में पशुओं के चारे के लिए रखे गए चोकर का इस्तेमाल करने का आरोप है। जांच के दौरान फैक्ट्री में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर खामियां भी सामने आई हैं।

FSSAI के मुताबिक, इन गड़बड़ियों के बाद कंपनी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। साथ ही कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी भी दे दी गई है।

बिस्किट में पशुओं के चारे वाला चोकर इस्तेमाल करने का आरोप

FSSAI ने एक उपभोक्ता की शिकायत मिलने के बाद कंपनी के परिसर का निरीक्षण किया था।

जांच में अधिकारियों ने पाया कि पशुओं के चारे के लिए रखा गया चोकर बिस्किट में फाइबर के स्रोत के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। नियामक के मुताबिक, यह चोकर इंसानों के खाने के लिए नहीं था।

यह कच्चा माल उन बोरियों में रखा गया था, जिन पर पशुओं के चारे के लिए होने की जानकारी लिखी थी।

फैक्ट्री में साफ-सफाई से जुड़ी खामियां भी मिलीं

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्री में साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और कच्चे माल के रखरखाव से जुड़ी कई कमियां दर्ज कीं।

इसके अलावा अलग-अलग कच्चे माल को सही तरीके से रखने, कर्मचारियों की स्वच्छता, परिसर के रखरखाव और बिस्किट बनाने के दौरान तैयार होने वाले मिश्रण को संभालने में भी खामियां पाई गईं।

FSSAI ने बताया कि गंभीर नियम उल्लंघनों के चलते कंपनी का लाइसेंस निलंबित किया गया है। संबंधित अधिकारी ने Surya Food & Agro Ltd. के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी भी दे दी है।

दूध और किशमिश बनाने वाली कंपनियों पर भी कार्रवाई

FSSAI ने अन्य खाद्य उत्पादों से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की जानकारी दी है।

Dodla Dairy Ltd. के फुल क्रीम दूध का नमूना जांच में असुरक्षित और तय मानकों से कम गुणवत्ता वाला पाया गया। नियामक के मुताबिक, लैब जांच में डिटर्जेंट या कास्टिक सोडा की मौजूदगी की पुष्टि हुई। दूध में फैट की मात्रा भी निर्धारित न्यूनतम सीमा से कम थी।

इसके अलावा Ueir Organic Foods Private Ltd. की ऑर्गेनिक पीली किशमिश के नमूने में कीटनाशकों के अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए। इस मामले में भी कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है।

तीन अन्य कंपनियों को नोटिस

FSSAI ने Narpadham Foods, Sun Ridges Health Carers और M/s Sha Kantilal Jayantilal को भी नोटिस जारी किए हैं।

इन कंपनियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई, भंडारण और लाइसेंस संबंधी नियमों के पालन में कमियों को लेकर नोटिस दिए गए हैं।

इन कार्रवाइयों के जरिए FSSAI ने खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के लिए सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

Read more!
Advertisement