FSSAI का बड़ा एक्शन: ‘Fresh Paneer’ दावे पर हेरिटेज फूड्स को नोटिस, भ्रामक लेबलिंग पर कई कंपनियां रडार पर
FSSAI ने भ्रामक दावों और गलत लेबलिंग पर सख्ती बढ़ा दी है। हेरिटेज फूड्स के ‘Fresh Paneer’ दावे पर नोटिस जारी किया गया है। प्राधिकरण का कहना है कि ऐसे दावे उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं और कंपनियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- FSSAI ने Heritage Foods को ‘Fresh Paneer’ दावे पर नोटिस जारी किया।
- प्राधिकरण ने ‘Healthy Happiness’ जैसे दावों पर भी आपत्ति जताई।
- कंपनी को 7 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा गया।
FSSAI notice Heritage Foods: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य उत्पादों पर भ्रामक दावों और गलत लेबलिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में FSSAI ने हेरिटेज फूड्स लिमिटेड को उसके उत्पाद ‘Heritage Fresh Paneer’ पर ‘Fresh Paneer’ लिखने को लेकर नोटिस जारी किया है।
प्राधिकरण का कहना है कि यह दावा उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकता है और मौजूदा खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुरूप नहीं है।
FSSAI के अनुसार, ‘Fresh’ शब्द का उपयोग केवल उन्हीं परिस्थितियों में किया जा सकता है, जो Food Safety and Standards (Advertising and Claims) Regulations में निर्धारित हैं। जांच में पाया गया कि संबंधित उत्पाद इन शर्तों को पूरा नहीं करता, इसलिए पैकेजिंग पर ‘Fresh Paneer’ लिखना भ्रामक माना गया।
इसके अलावा, FSSAI ने कंपनी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ‘Healthy Happiness’ जैसे दावे पर भी आपत्ति जताई है। प्राधिकरण का कहना है कि इस तरह के शब्द उपभोक्ताओं को यह संदेश दे सकते हैं कि उत्पाद स्वाभाविक रूप से स्वास्थ्यवर्धक है, जबकि ऐसे दावों के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: सेब की फसल पर मौसम की मार! उत्पादन घटने से किसानों और ₹5000 करोड़ के कारोबार पर खतरा
FSSAI ने स्पष्ट किया है कि Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत भ्रामक दावों और लेबलिंग नियमों का उल्लंघन करने पर केवल हेरिटेज फूड्स ही नहीं, बल्कि कई अन्य Food Business Operators (FBOs) को भी नोटिस जारी किए गए हैं। सभी कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करें और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं।
हेरिटेज फूड्स को 7 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब देने और यह बताने को कहा गया है कि उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों न की जाए। FSSAI ने कहा कि उपभोक्ताओं को सही और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है और भ्रामक विज्ञापन या लेबलिंग के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।