Zepto और Blinkit के बाद अब Zomato के वेयरहाउस पर रेड, कई प्रोडक्ट्स के सैंपल किए गए सील

बेंगलुरु में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने जोमैटो के हाइपरप्योर वेयरहाउस पर अचानक छापेमारी की। अधिकारियों ने कोल्ड स्टोरेज से लेकर पैकेज्ड फूड तक की जांच की और कई प्रोडक्ट्स के सैंपल सील किए। इससे पहले जेप्टो और ब्लिंकइट के ठिकानों पर भी ऐसी कार्रवाई हो चुकी है। जानें क्या है पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • बेंगलुरु में जोमैटो के हाइपरप्योर वेयरहाउस पर फूड सेफ्टी टीम की छापेमारी।
  • कोल्ड स्टोरेज और पैकेज्ड फूड की जांच के दौरान कई प्रोडक्ट्स के सैंपल किए गए सील।
  • इससे पहले जेप्टो और ब्लिंकइट के स्टोर्स पर भी फूड सेफ्टी विभाग कर चुका है कार्रवाई।

By Gaurav Kumar:

Zomato Warehouse Raid: बेंगलुरु में फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के एक वेयरहाउस पर राज्य खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई सकलवारा गांव में स्थित जोमैटो के 'हाइपरप्योर' वेयरहाउस पर की गई। टीम अचानक वेयरहाउस पहुंची और वहां रखे खाने-पीने के सामान के साथ स्टोरेज और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की।

इस कार्रवाई का मकसद वेयरहाउस में रखे फूड प्रोडक्ट्स की क्वालिटी और स्वास्थ्य से जुड़े मानकों की जांच करना था। छापेमारी के दौरान की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें अधिकारी वेयरहाउस के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण करते दिखाई दे रहे हैं।

कोल्ड स्टोरेज में रखे सामान की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वेयरहाउस के कोल्ड स्टोरेज एरिया का भी निरीक्षण किया। यहां रखे सामान और पैक किए गए फूड प्रोडक्ट्स की जांच की गई। तस्वीरों में पीले रंग के क्रेट्स में रखे सामान की जांच करते अधिकारी नजर आ रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान टीम एक कमरे में भी पहुंची, जहां अलग-अलग तरह के फूड प्रोडक्ट्स और पैकेज्ड सामान रखा हुआ था। इनमें दालें, मसाले और अंडों की ट्रे भी शामिल थीं।

कई प्रोडक्ट्स के सैंपल किए गए सील

जांच के दौरान अधिकारियों ने कई सामानों के सैंपल लिए और उन्हें सील किया। इसके साथ ही वेयरहाउस में सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की भी पड़ताल की गई। टीम ने वहां लगाए गए आग बुझाने वाले उपकरणों की स्थिति भी देखी।

इससे पहले Zepto के वेयरहाउस की हुई थी जांच

जोमैटो से पहले बेंगलुरु ग्रामीण के होसकोटे इलाके में स्थित जेप्टो के एक वेयरहाउस का भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। जांच के दौरान वहां काफी गंदगी मिलने की बात सामने आई थी। इस वेयरहाउस का संचालन 'निप्पॉन एक्सप्रेस' की ओर से किया जाता है।

स्वास्थ्य और साफ-सफाई से जुड़ी कमियां मिलने के बाद अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट तैयार की है। जांच में सामने आई गड़बड़ियों के आधार पर अब वेयरहाउस के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Mumbai में Blinkit स्टोर का लाइसेंस हुआ था सस्पेंड

हाल ही में मुंबई के मलाड इलाके में ब्लिंकइट के एक स्टोर की भी जांच हुई थी। एफडीए की टीम अचानक स्टोर पर पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान वहां बड़ी संख्या में कॉकरोच और गंदगी मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद उस स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया था।

Read more!
Advertisement