कैप्टन स्मित पर हमला करने वाले को-पायलट की पहचान, पहले भी उड़ान भरने से हुआ था सस्पेंड
Flydubai की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर हमले के आरोपी को-पायलट को लेकर नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को पहले भी सिक्योरिटी रिस्क के चलते उड़ान भरने से सस्पेंड किया गया था। अब अधिकारी जांच कर रहे हैं कि उसे Flydubai में उड़ान की अनुमति कैसे मिली।

In Short
- Flydubai फ्लाइट में कैप्टन स्मित मच्छर पर हमले के आरोपी को-पायलट की पहचान 29 साल के हमाम अल-हम्मामी के रूप में हुई।
- रिपोर्ट के मुताबिक, अल-हम्मामी को पहले Oman Air ने सिक्योरिटी रिस्क के चलते उड़ान भरने से सस्पेंड किया था।
- घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्रियों ने हमलावर को काबू किया।
Flydubai की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने के आरोपी को-पायलट की पहचान सामने आई है। ABC News की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी 29 साल का ओमानी नागरिक हमाम अल-हम्मामी है। रिपोर्ट में सीनियर इंटेलिजेंस और कानून प्रवर्तन अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि उसे पहले Oman Air ने सिक्योरिटी रिस्क के तौर पर पहचानने के बाद उड़ान भरने से सस्पेंड कर दिया था।
2024 में फ्लाइट उड़ाने से किया गया था सस्पेंड
अधिकारियों के मुताबिक, साल 2024 में Oman Air में को-पायलट ट्रेनी के तौर पर काम करते समय अल-हम्मामी के पास कथित तौर पर चरमपंथी सामग्री मिली थी। इसके बाद उसे फ्लाइट उड़ाने से रोक दिया गया था। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक उसे एयरलाइन में प्रशासनिक भूमिका में काम जारी रखने की इजाजत दी गई थी।
अब अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इसके बाद उसे Flydubai के लिए उड़ान भरने की अनुमति कैसे मिली और इजरायल जा रही फ्लाइट में वह फर्स्ट ऑफिसर कैसे बना।
अधिकारियों के साथ कर रहा सहयोग
गुरुवार को अल-हम्मामी को सऊदी अरब से अमेरिका ट्रांसफर किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, वह मामले की जांच कर रहे अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहा है। उसने कथित तौर पर संकेत दिया है कि उसका इरादा इजरायल में विमान को क्रैश करने का था।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इससे पहले कहा था कि को-पायलट पर कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा का असर था और वह आत्मघाती कदम उठाने की स्थिति में दिखाई दे रहा था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
दो इजरायली सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती आकलन में माना जा रहा है कि को-पायलट ने संभवतः अकेले काम किया।
कैसे टला बड़ा हादसा?
Flydubai की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। हमले में घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू किया।
Flightradar24 के मुताबिक, घटना के दौरान सऊदी अरब के ऊपर उड़ रहा विमान 30 सेकंड से भी कम समय में 14,000 फीट से ज्यादा नीचे आ गया था।
फ्लाइट में 174 यात्री और आठ क्रू मेंबर मौजूद थे। विमान में पहले से मौजूद रिजर्व क्रू ने इसे सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा।
अस्पताल में भर्ती हैं कैप्टन स्मित
कैप्टन स्मित फिलहाल अबू धाबी के एक अस्पताल में रिकवर कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर बात की और हमले के दौरान हुई घटना के बारे में बताया। स्मित ने कहा कि उन्हें कई चोटें आई थीं और वह गिर गए थे। उन्होंने बताया कि एक समय उन्हें लगा कि अगर वह नहीं उठे तो यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है।