Flydubai विमान हाइजैक मामले में फ्रेश अपडेट- UAE पुलिस ने दो पायलटों किया गिरफ्तार

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट को हाइजैक करने की कथित कोशिश के मामले में UAE पुलिस ने मालदीव के दो पायलटों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ओमानी को-पायलट के संपर्क में थे। UAE ने इसे आतंकी हमले की कोशिश बताया है। भारत की NIA भी मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

In Short

  • फ्लाईदुबई फ्लाइट हाइजैक करने की कोशिश के मामले में UAE पुलिस ने दो पायलटों को गिरफ्तार किया।
  • गिरफ्तार दोनों मालदीवियाई पायलट आरोपी ओमानी को-पायलट अल-हम्मामी के संपर्क में थे।
  • UAE ने घटना को आतंकी हमले की कोशिश बताया, भारत की NIA भी कर रही मामले की जांच।

By Sonam:

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई (Flydubai) की फ्लाइट को हाइजैक करने और क्रैश करने की कथित कोशिश के मामले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बड़ा एक्शन लिया है. UAE पुलिस ने फ्लाईदुबई एयरलाइन में काम करने वाले मालदीव के दो पायलटों को गिरफ्तार किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों पायलटों को 3 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था. यह कार्रवाई 30 सितंबर को फ्लाइट में हुई घटना की जांच के बीच की गई है.

हाल ही में एयरलाइन में भर्ती हुए थे दोनों पायलट

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों पायलट मालदीव के रहने वाले हैं और उन्हें हाल ही में फ्लाईदुबई एयरलाइन में भर्ती किया गया था. UAE स्थित मालदीव के दूतावास ने पुष्टि की है कि दोनों पायलटों के परिवारों को उनकी हिरासत के बारे में जानकारी दे दी गई है. हालांकि, मालदीव के अधिकारियों ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.

ओमानी को-पायलट से था संपर्क

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिरासत में लिए गए दोनों मालदीवियाई पायलट फ्लाईदुबई के ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी के संपर्क में थे. बताया जा रहा है कि काम के दौरान दोनों की अल-हम्मामी से बातचीत होती थी. इतना ही नहीं, दोनों उसी इमारत में रहते थे, जहां अल-हम्मामी रहता था.

हालांकि, UAE के अधिकारियों ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि इन दोनों पायलटों का विमान हाइजैक करने की कथित कोशिश से क्या संबंध है. उनके खिलाफ मिले सबूतों को लेकर भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

30 सितंबर को फ्लाइट में क्या हुआ था?

दरअसल, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में एक गंभीर घटना सामने आई थी. आरोप है कि विमान के ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने मुख्य पायलट स्मित मछार पर कुल्हाड़ी से हमला किया था.

अल-हम्मामी पर विमान को हाइजैक करने और क्रैश करने की कोशिश का भी आरोप है. इस घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी.

UAE ने बताया आतंकी हमले की कोशिश

UAE ने इस घटना को आतंकवादी हमले की कोशिश करार दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को-पायलट पर चरमपंथी विचारधारा का समर्थन करने का संदेह था. फिलहाल मामले की जांच जारी है और इससे जुड़े दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

भारत की NIA भी कर रही जांच

इस मामले में भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी जांच कर रही है. केंद्र सरकार के आदेश पर NIA ने केस दर्ज किया है. जांच एजेंसी इस हमले के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका की पड़ताल कर रही है. वहीं, UAE में गिरफ्तार किए गए दोनों मालदीवियाई पायलटों की इस घटना में क्या भूमिका थी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है.

Read more!
Advertisement