एक्सपायर्ड Frooti, Appy Fizz जब्त! Parle Agro से जुड़े वेयरहाउस का लाइसेंस सस्पेंड
महाराष्ट्र एफडीए की कार्रवाई में मुंबई के एक वेयरहाउस से एक्सपायर्ड फ्रूटी ऐपि फिज और कैंडी जूस का स्टॉक मिला है। करीब 99,970 रुपये के सामान को जब्त कर बिक्री पर रोक लगा दी गई। इसके अलावा राज्यभर में फूड सेफ्टी जांच के दौरान कई नियमों के उल्लंघन सामने आए हैं।

In Short
- महाराष्ट्र एफडीए ने मुंबई के चेंबूर वेयरहाउस से एक्सपायर्ड फ्रूटी ऐपि फिज और कैंडी जूस जब्त किए
- करीब 99,970 रुपये के स्टॉक को सीज कर बिक्री और सप्लाई पर रोक लगाई गई
- राज्यभर में जांच के दौरान कई फूड बिजनेस के लाइसेंस सस्पेंड और सुधार नोटिस जारी किए गए
महाराष्ट्र एफडीए ने फूड सेफ्टी जांच अभियान के दौरान मुंबई के एक वेयरहाउस में एक्सपायर्ड फ्रूटी ऐपि फिज और कैंडी जूस का स्टॉक पकड़ा है। इस कार्रवाई में करीब 99,970 रुपये का सामान जब्त किया गया और आगे इसकी बिक्री व सप्लाई पर रोक लगा दी गई। जांच के दौरान कई जगहों पर फूड सेफ्टी नियमों की अनदेखी भी मिली, जिसके बाद विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं।
चेंबूर वेयरहाउस में मिला एक्सपायर्ड स्टॉक
महाराष्ट्र एफडीए ने मुंबई के चेंबूर स्थित प्रयाग नगर एलयू गाडकरी मार्ग के वाशीनाका इलाके में पारले एग्रो से जुड़े वेलोसिटी एक्सप्रेस वेयरहाउस की जांच की। 13 अगस्त शाम करीब 6 बजे शुरू हुई जांच 14 अगस्त सुबह 5 बजे तक चली।
जांच के दौरान अधिकारियों को एक्सपायर्ड फ्रूटी ऐपि फिज और कैंडी जूस मिले। एफडीए ने करीब 99,970 रुपये के इस स्टॉक को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने इन प्रोडक्ट्स की बिक्री ट्रांसपोर्ट और डिस्ट्रीब्यूशन पर रोक लगा दी।
वेयरहाउस सील दो गाड़ियां भी रोकी गईं
कार्रवाई के बाद एफडीए अधिकारियों ने वेयरहाउस को सील कर दिया। इसके अलावा प्रोडक्ट सप्लाई के लिए इस्तेमाल होने वाली दो गाड़ियों को भी रोक दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि आगे के निर्देश मिलने तक इस वेयरहाउस से किसी भी फूड आइटम की बिक्री या सप्लाई नहीं की जाएगी।
86 ऑनलाइन फूड स्टोर की हुई जांच
महाराष्ट्र एफडीए ने 13 अगस्त को पूरे राज्य में फूड सेफ्टी जांच अभियान चलाया। इस दौरान ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े 86 फूड बिजनेस की जांच की गई।
जांच में एक बिजनेस को तुरंत काम बंद करने का आदेश दिया गया, जबकि 60 जगहों को सुधार नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा 14 फूड बिजनेस लाइसेंस को तुरंत सस्पेंड किया गया।
एफडीए को जांच में खराब हाइजीन, फूड स्टोरेज के गलत तापमान, कीट नियंत्रण की कमी और एक्सपायर्ड सामान जैसी कमियां मिलीं।
डेयरी प्रोडक्ट और प्रतिबंधित सामान भी जब्त
एफडीए ने दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स की भी जांच की। इस दौरान 34,302 रुपये कीमत का 698 किलो डेयरी स्टॉक जब्त किया गया।
इसके अलावा प्रतिबंधित प्रोडक्ट्स जैसे पान मसाला और गुटखा की बिक्री सप्लाई और ट्रांसपोर्ट के खिलाफ क्रिमिनल कार्रवाई शुरू की गई। इस मामले में 10 एफआईआर दर्ज की गईं और 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान 46,76,631 रुपये कीमत के प्रतिबंधित प्रोडक्ट्स जब्त किए गए। विभाग ने बताया कि दूसरे फूड प्रोडक्ट्स और प्रतिबंधित सामान को मिलाकर कुल 46,89,603 रुपये की सामग्री जब्त की गई। इस स्पेशल अभियान में 15 रेड की गईं।
109 होटल रेस्टोरेंट की भी जांच
एफडीए ने अलग से 109 होटल रेस्टोरेंट ढाबे और दूसरे फूड स्टोर की जांच की। इनमें 49 बिजनेस को सुधार नोटिस दिए गए, जबकि चार फूड बिजनेस के लाइसेंस सस्पेंड किए गए।
डोमिनोज के चार आउटलेट पर भी कार्रवाई
महाराष्ट्र एफडीए ने जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड द्वारा चलाए जा रहे डोमिनोज पिज्जा के चार आउटलेट के खिलाफ भी कार्रवाई की।
इन आउटलेट्स में मुंबई के विले पार्ले वेस्ट बोरीवली वेस्ट और घाटकोपर के आर सिटी मॉल के साथ सतारा के मलाकापुर स्थित आउटलेट शामिल हैं। जांच में फूड सेफ्टी और हाइजीन से जुड़े नियमों में कमी मिलने के बाद इनके लाइसेंस सस्पेंड किए गए।