दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी! दिल्ली-वाराणसी, चंडीगढ़-पटना समेत इन रूटों पर स्पेशल ट्रेनें
दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। कई प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनकी बुकिंग शुरू हो चुकी है। जानिए किन शहरों के बीच चलेंगी ये ट्रेनें, क्या होगा इनका शेड्यूल और टिकट कैसे बुक करें।

In Short
- दिवाली और छठ पूजा की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया।
- दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, चंडीगढ़ और दक्षिण भारत के यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
- IRCTC ऐप, वेबसाइट और रेलवे रिजर्वेशन काउंटर से टिकट बुक कर सकते हैं।
दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इन ट्रेनों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, चंडीगढ़, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को सफर में राहत मिलेगी। टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी गई है।
कानपुर से बेंगलुरु के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
दक्षिण रेलवे ने कानपुर सेंट्रल से SMVT बेंगलुरु के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। ट्रेन नंबर 04131 कानपुर सेंट्रल से 4 अक्टूबर से हर रविवार शाम 4:30 बजे रवाना होगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 04132 बेंगलुरु से 7 अक्टूबर से हर बुधवार सुबह 7:10 बजे चलेगी। यह ट्रेन प्रयागराज, सतना, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा, नेल्लोर, रेनिगुंटा, काटपाडी, जोलारपेट्टई और कृष्णराजपुरम में रुकेगी।
वाराणसी-दिल्ली के बीच 50 फेरे
उत्तर रेलवे ने वाराणसी और दिल्ली के बीच रिजर्व्ड स्पेशल एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की है। ट्रेन नंबर 04209 वाराणसी से रात 10:15 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 1:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी।
वहीं, ट्रेन नंबर 04210 दिल्ली से शाम 6:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में कुल 50 फेरे होंगे। ट्रेन में AC 2-टियर, AC 3-टियर, स्लीपर और जनरल कोच मिलेंगे।
अयोध्या से आनंद विहार के बीच भी स्पेशल ट्रेन
अयोध्या कैंट और आनंद विहार टर्मिनल के बीच ट्रेन नंबर 04213 और 04214 चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच निर्धारित दिनों में कुल 36 फेरे लगाएंगी।
ट्रेन नंबर 04213 अयोध्या से शाम 6:20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04214 आनंद विहार से सुबह 9 बजे रवाना होकर रात 10 बजे अयोध्या पहुंचेगी।
चंडीगढ़ और फिरोजपुर से पटना के लिए स्पेशल ट्रेनें
पंजाब और चंडीगढ़ में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए भी रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें घोषित की हैं।
चंडीगढ़-पटना स्पेशल ट्रेन (04512/04511) कुल 18 फेरे लगाएगी। यह अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए पटना पहुंचेगी।
वहीं, फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल ट्रेन (04616/04615) कुल 16 फेरे लगाएगी। यह मोगा, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, वाराणसी और बक्सर से होकर गुजरेगी।
कहां से बुक करें टिकट?
यात्री IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से टिकट बुक कर सकते हैं। ट्रेन का लाइव स्टेटस, टाइम टेबल और सीटों की उपलब्धता जानने के लिए NTES ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। सफर के दौरान किसी परेशानी या मदद के लिए रेलवे की हेल्पलाइन 139 (RailMadad) पर संपर्क कर सकते हैं।