मेकअप से लेकर पेन तक पर रोक! दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट में जाने से पहले जान लें ये नियम

दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट में जाने वाले फैंस के लिए जरूरी अपडेट है। बुकमायशो ने कॉन्सर्ट से पहले कई सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। रोजमर्रा के इस्तेमाल की कई चीजों पर भी रोक लगाई गई है। आखिर क्यों लगाए गए ये प्रतिबंध और किन बातों का रखना होगा ध्यान?

Advertisement

In Short

  • दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट में झंडे, बैनर और पोस्टर ले जाने पर पूरी तरह रोक।
  • बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस जांच जारी।
  • मुंबई कॉन्सर्ट में मेकअप, पेन समेत कई सामान प्रतिबंधित, फोटो आईडी लाने की सलाह।

By Shraddha Shukla:

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के AURA इंडिया टूर 2026 को लेकर देशभर में फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। हालांकि, उनके मुंबई कॉन्सर्ट में जाने वाले लोगों को इस बार कई सख्त नियमों का पालन करना होगा। ऐसे में फैंस के लिए यह जानना जरूरी है कि किन चीजों पर रोक लगाई गई है और इसके पीछे क्या वजह है।

झंडे, बैनर और पोस्टर पर पूरी तरह रोक

दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाला है। इससे पहले बुकमायशो ने एंट्री से जुड़ी गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके मुताबिक, किसी भी तरह के झंडे, साइन बोर्ड, बैनर और पोस्टर अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। हाथ से बनाए गए पोस्टर और बैनर पर भी रोक रहेगी।

कनाडा में हुआ था विवाद

इस साल मई में कनाडा के कैलगरी में दिलजीत के कॉन्सर्ट के दौरान खालिस्तान समर्थक झंडे दिखाए गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिलजीत ने अपनी सिक्योरिटी टीम से झंडे लेकर आए लोगों को बाहर निकालने के लिए कहा था। इसके बाद पंजाबी समुदाय के कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की थी।

दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर सफाई देते हुए कहा था कि उन्हें झंडों या बैनर से नहीं, बल्कि उन्हें दिखाने के पीछे की मंशा से आपत्ति है। उन्होंने कहा था कि फैंस अपने इलाके की पहचान और समर्थन दिखाने के लिए झंडे लाते हैं, लेकिन उनकी आड़ में दूसरे फैंस के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर मिली धमकी

दिलजीत के बेंगलुरु कॉन्सर्ट में IED ब्लास्ट की धमकी वाला एक ईमेल भी सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारा भी लिखा था। पुलिस ईमेल की सच्चाई की जांच करने के साथ उसे भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

मुंबई कॉन्सर्ट में ये सामान भी नहीं ले जा सकेंगे

चाकू, ब्लेड, नुकीली ज्वेलरी, पेन, मार्कर, लाइटर, लेजर पॉइंटर, पानी के गुब्बारे और अंडे ले जाने पर रोक है। इसके अलावा स्प्रे सनस्क्रीन, एयरोसोल, डियोडरेंट, मेकअप, क्रीम, कांच, मेटल और प्लास्टिक की खाली बोतलें और छाते भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे।

प्रोफेशनल कैमरा, ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक, गोप्रो, ड्रोन, अन्य रिकॉर्डिंग डिवाइस, बड़े बैग, बैकपैक, लैपटॉप और टैबलेट पर भी रोक है।

पावर बैंक और दवाइयों को लेकर क्या नियम हैं?

फैंस अपने साथ पावर बैंक ले जा सकेंगे। हालांकि, दवाइयां ले जाने के लिए डॉक्टर का वैध प्रिस्क्रिप्शन होना जरूरी है।

फोटो आईडी साथ लाना जरूरी

बुकमायशो लाइव ने इंस्टाग्राम पर फैंस को सरकारी फोटो आईडी साथ लाने, समय से पहले पहुंचने और वहां मौजूद टीम के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। मुंबई के बाद दिलजीत 29 नवंबर को बेंगलुरु में परफॉर्म करेंगे।

Read more!
Advertisement