दिल्ली में घूमने-फिरने वालों के लिए खुशखबरी! यमुना नदी में पहली बार चलेगा क्रूज, जानें कहां कर सकेंगे सैर

दिल्ली में घूमने के शौकीन लोगों के लिए एक नई सौगात मिलने जा रही है। यमुना नदी पर पहली बार क्रूज सर्विस शुरू होने वाली है, जिससे राजधानी में पर्यटन को नया बढ़ावा मिलेगा। खास बात यह है कि इस क्रूज में पर्यावरण का भी ध्यान रखा गया है। जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में 10 नवंबर को पहली यमुना रिवर क्रूज सर्विस का उद्घाटन होगा।
  • सोनिया विहार से जगतपुर के बीच चलेगा इलेक्ट्रिक पावर से संचालित क्रूज।
  • केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे उद्घाटन, CM रेखा गुप्ता भी रहेंगी मौजूद।

By Gungun Mishra:

दिल्ली में घूमने-फिरने के शौकीन लोगों के लिए एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है। राजधानी में पहली बार यमुना नदी पर रिक्रिएशनल क्रूज सर्विस की शुरुआत मंगलवार, 10 नवंबर को होगी। इस सर्विस के जरिए दिल्ली के लोगों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को यमुना नदी में क्रूज की सवारी करने का मौका मिलेगा। इस पहल का मकसद दिल्ली में रिवर टूरिज्म को बढ़ावा देना और लोगों को घूमने का एक नया विकल्प देना है।

कहां से कहां तक चलेगा यमुना क्रूज?

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यमुना क्रूज सर्विस दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुर के बीच शुरू की जाएगी। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल मंगलवार को इस सर्विस का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी।

सरकार की कोशिश है कि इस प्रोजेक्ट के जरिए यमुना नदी को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाए और लोगों को नदी के आसपास घूमने का नया अनुभव मिल सके।

इलेक्ट्रिक क्रूज से होगी सवारी

इस क्रूज सर्विस की सबसे खास बात यह है कि इसमें इलेक्ट्रिक पावर से चलने वाले क्रूज का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका मकसद पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना है।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, इलेक्ट्रिक क्रूज के जरिए यह दिखाने की कोशिश की जाएगी कि नदियों का इस्तेमाल साफ-सुथरे और टिकाऊ परिवहन के साथ मनोरंजन के लिए भी किया जा सकता है।

इससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के साथ पर्यटकों को भी यमुना नदी को करीब से देखने का नया मौका मिलेगा।

लॉन्च से पहले हो चुका है ट्रायल

यमुना क्रूज सर्विस शुरू करने से पहले पिछले महीने इसका ट्रायल रन भी किया गया था। यह ट्रायल सफल रहा था और इस दौरान भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी IWAI संभाल रहा है। इसके साथ दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली सरकार का सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।

दिल्ली में रिवर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत नेशनल वाटरवे-110 का दर्जा दिया गया है। अब इस क्रूज सर्विस के जरिए नदी की पर्यटन संबंधी संभावनाओं का इस्तेमाल करने की कोशिश की जा रही है।

सरकार का उद्देश्य लोगों को यमुना नदी से जोड़ना और राजधानी में पर्यटन के नए अवसर विकसित करना है। यह पहल दिल्ली में जलमार्गों के इस्तेमाल और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Read more!
Advertisement