दिल्ली में महिलाओं की फ्री बस यात्रा पर बड़ा अपडेट, 31 अगस्त तक पिंक टिकट जारी 1 सितंबर से स्मार्ट कार्ड जरूरी

दिल्ली में महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा को लेकर नया अपडेट आया है। सरकार ने पेपर पिंक टिकट की व्यवस्था को 31 अगस्त तक बढ़ा दिया है। लेकिन 1 सितंबर से सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूरी होगा। जानिए कार्ड से जुड़ी पूरी जानकारी।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में महिलाओं को 31 अगस्त तक डीटीसी और क्लस्टर बसों में पेपर पिंक टिकट से फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी।
  • 1 सितंबर 2026 से फ्री बस सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा।
  • परिवहन विभाग के अनुसार अब तक 18,13,866 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

By Gaurav Kumar:

दिल्ली में महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा को लेकर बड़ा अपडेट आया है। दिल्ली सरकार ने डीटीसी और क्लस्टर बसों में मिलने वाले पेपर पिंक टिकट की व्यवस्था को 31 अगस्त 2026 तक बढ़ा दिया है। अब 1 सितंबर से फ्री बस यात्रा के लिए महिलाओं को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखना जरूरी होगा। इस बदलाव के बाद बिना कार्ड के फ्री सफर की सुविधा नहीं मिलेगी। इस पूरी व्यवस्था को समझना जरूरी है ताकि सफर के दौरान कोई परेशानी न हो।

31 अगस्त तक मिलते रहेंगे पेपर पिंक टिकट

दिल्ली सरकार ने महिलाओं को राहत देते हुए पेपर बेस्ड पिंक टिकट की सुविधा को 31 अगस्त तक जारी रखने का फैसला किया है। यानी पात्र महिलाएं अभी भी डीटीसी और दिल्ली क्लस्टर बसों में फ्री यात्रा के लिए पिंक टिकट ले सकती हैं।

पहले डीटीसी के जुलाई आदेश में कहा गया था कि 1 अगस्त से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूरी होगा। इसके बाद सरकार ने इस तारीख को बढ़ाकर 15 अगस्त किया और फिर 16 अगस्त से कार्ड अनिवार्य करने की तैयारी थी। अब नई व्यवस्था के तहत कार्ड की अनिवार्यता 1 सितंबर 2026 से लागू होगी।

1 सितंबर से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूरी

नई व्यवस्था लागू होने के बाद जिन महिलाओं के पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें फ्री यात्रा के लिए पेपर टिकट नहीं मिलेगा। ऐसी स्थिति में उन्हें बस का सामान्य टिकट खरीदना पड़ेगा।

सरकार ने साफ किया है कि आगे किसी भी तरह की छूट या समय बढ़ाने का फैसला केवल नए आदेश के जरिए ही किया जाएगा।

18 लाख से ज्यादा कार्ड किए जा चुके हैं जारी

परिवहन विभाग के मुताबिक, अब तक 18,13,866 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इससे पहले जारी किए गए करीब 17 लाख कार्ड के आंकड़े पहले की समय सीमा से जुड़े थे।

यह कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड सिस्टम पर आधारित है। बस में यात्रा करते समय महिला यात्री कार्ड को टिकटिंग मशीन पर टैप करके फ्री यात्रा की सुविधा ले सकेंगी।

कार्ड से जुड़ी दूसरी सुविधाओं के लिए बैलेंस जरूरी

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल सिर्फ फ्री बस यात्रा तक सीमित नहीं है। अगर इसका इस्तेमाल मेट्रो, नमो भारत या रिटेल ट्रांजैक्शन के लिए किया जाता है तो उसमें बैलेंस या अलग पेमेंट सुविधा की जरूरत होगी।कार्ड बनवाने से पहले पात्रता, पहचान और जारी करने से जुड़ी जानकारी आधिकारिक डीटीसी चैनल से जरूर जांचनी होगी।

कार्ड बनवाने के लिए बनाए गए हैं 50 सेंटर

अधिकारियों के अनुसार, पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी करने के लिए 50 अधिकृत सेंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा डिपो मैनेजर, कंडक्टर और एनफोर्समेंट स्टाफ को भी नई डेडलाइन की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके लिए बस अनाउंसमेंट, डिपो, सोशल मीडिया और प्रिंट कैंपेन के जरिए महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है।

फ्री सफर जारी रखने के लिए अभी करा लें कार्ड

महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा जारी रखने के लिए अब सबसे जरूरी काम पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाना है। 31 अगस्त तक पेपर टिकट की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन 1 सितंबर से कार्ड के बिना यह लाभ नहीं मिलेगा।

Read more!
Advertisement