IMD ने जारी किया अलर्ट! कई राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी,जानें मौसम का पूरा हाल

दिल्ली में मौसम को लेकर अगले कुछ दिन अहम रहने वाले हैं। सुबह कोहरे और दिन में बादलों के बीच देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए सिस्टम को लेकर भी चेतावनी जारी की है। जानें किन राज्यों पर होगा असर।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में 11 से 13 नवंबर तक सुबह कोहरा छाने और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री रहने का अनुमान।
  • जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी, जबकि तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट।
  • 13 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में Low Pressure Area बनने की संभावना, मछुआरों के लिए चेतावनी जारी।

By Gaurav Kumar:

दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राजधानी में अगले तीन दिनों तक सुबह कोहरा और दिन में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, देश के कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में नया Low Pressure Area बनने की संभावना है, जिसका असर आने वाले दिनों में मौसम पर पड़ सकता है।

दिल्ली में अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

India Meteorological Department (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में 11 से 13 नवंबर तक आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। 11 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 12 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम 15 से 17 डिग्री रह सकता है। वहीं, 13 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

10 नवंबर की सुबह पालम और सफदरजंग एयरपोर्ट पर भी कोहरा दर्ज किया गया। सफदरजंग में विजिबिलिटी घटकर 700 मीटर रह गई, जबकि पालम में यह 800 मीटर दर्ज की गई।

जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

IMD के अनुसार, Western Disturbance के कारण 13 नवंबर तक Western Himalayan Region के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10-11 और 14-16 नवंबर को बारिश की संभावना है। 12 और 13 नवंबर को इन इलाकों में ज्यादा जगहों पर बारिश हो सकती है। 12 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट भी है। कश्मीर घाटी में इसी दिन भारी बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश में 10 से 16 नवंबर तक बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में 12-13 नवंबर को बारिश का अनुमान है।

तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10-11 नवंबर और फिर 15-16 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 16 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10-12 और 15-16 नवंबर को Thunderstorm, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 10 नवंबर को सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु के ऊथू में सबसे ज्यादा 13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

अंडमान-निकोबार में 14 नवंबर तक भारी बारिश

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 10 से 16 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। 10 से 14 नवंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। 10 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में यहां 7 से 11 सेंटीमीटर बारिश हुई। मायाबंदर में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश की संभावना

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 से 12 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10-11 नवंबर को बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश हो सकती है। त्रिपुरा के कथालिया में 10 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बंगाल की खाड़ी में बन सकता है Low Pressure Area

IMD के मुताबिक, 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में Low Pressure Area बन सकता है। इसके अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और मजबूत होकर Well Marked Low Pressure Area बनने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 13 से 15 नवंबर तक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी है। अंडमान सागर के लिए भी 15 नवंबर तक चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, अरब सागर के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

IMD ने लोगों को क्या सावधानी बरतने की सलाह दी?

मौसम विभाग के मुताबिक, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण निचले इलाकों में पानी भर सकता है। पेड़ गिरने, फसलों को नुकसान पहुंचने और कमजोर मकानों को नुकसान होने की आशंका है। कुछ जगहों पर सड़क और रेल सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। लोगों को आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान पानी के स्रोतों से दूर रहें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें। भारी बारिश वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेते रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगह जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

Read more!
Advertisement