दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम! बारिश और तेज हवाओं से कई इलाकों में राहत
दिल्ली-NCR में मंगलवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। काले बादलों, तेज हवाओं और बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई, लेकिन कई जगहों पर परेशानी भी बढ़ गई। पढ़ें पूरी खबर।

Delhi weather today: दिल्ली-NCR में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। दिल्ली से लेकर गुरुग्राम तक तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, लेकिन कुछ इलाकों में परेशानी भी बढ़ गई।
दिल्ली में बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 जुलाई को दिल्ली में दिनभर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: मुंबई से गुजरात तक बारिश का कहर, बाढ़-लैंडस्लाइड ने बढ़ाई मुश्किलें - देखें फोटो
IMD के अनुसार, दिल्ली में आज तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। सुबह से ही दिल्ली-NCR के आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही।
ईस्ट ऑफ कैलाश में गाड़ियों पर गिरा पेड़
तेज हवाओं के बीच दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में एक बड़ा पेड़ गाड़ियों पर गिर गया। यह घटना अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई। पेड़ गिरने से कम से कम 4 से 5 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। लेकिन गाड़ियों के मालिकों को बड़ा नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में लोगों को सावधानी बरतनी पड़ रही है।
गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश से रफ्तार धीमी
दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम में भी मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन सड़कों पर पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई। गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक से सुभाष चौक की ओर जाने वाली सड़क पर तेज बारिश के कारण गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: सेब की फसल पर मौसम की मार! उत्पादन घटने से किसानों और ₹5000 करोड़ के कारोबार पर खतरा
कई जगहों पर पानी जमा होने से लोगों को ट्रैफिक में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश और तेज हवाओं की वजह से दिल्ली-NCR में मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे ज्यादा रह सकती है।
IMD ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर अरब सागर, गुजरात के बाकी हिस्सों और राजस्थान-हरियाणा के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ गया है। अगले 2-3 दिनों में मॉनसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में और आगे बढ़ेगा। इसके बाद पूरे देश में मॉनसून और एक्टिव हो जाएगा।