ये कैसा मानसून? बारिश की कमी से अभी भी जूझ रहे दिल्लीवासी - जानिए कब मिलेगी राहत
दिल्ली में मॉनसून 2 जुलाई को आ चुका है, लेकिन लोगों को अब तक तेज और लगातार बारिश का इंतजार है। बीच-बीच में हल्की बारिश जरूर हुई है, पर उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल पाई है। मौसम विभाग ने आगे बारिश होने का अनुमान जताया है, लेकिन लोगों के मन में अब भी यही सवाल है कि दिल्ली में असली मॉनसून वाली झमाझम बारिश कब होगी?

In Short
- दिल्ली में मॉनसून 2 जुलाई को आ गया, लेकिन अब तक तेज और लगातार बारिश नहीं हुई।
- देश के दूसरे हिस्सों में बने मौसम के सिस्टम की वजह से दिल्ली में बारिश कम हुई।
- IMD ने सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है।
Delhi rain update: दिल्ली में मॉनसून की एंट्री 2 जुलाई को हो चुकी है, लेकिन लोगों को अब तक झमाझम बारिश का इंतजार है। राजधानी में पिछले कुछ दिनों से बादल तो छा रहे हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई है, लेकिन इससे उमस और गर्मी से खास राहत नहीं मिली है।
मॉनसून आने के बाद आमतौर पर लोगों को ठंडी हवा और अच्छी बारिश की उम्मीद रहती है, लेकिन इस बार दिल्ली में मौसम अभी भी चिपचिपा बना हुआ है। ऐसे में लोगों का सवाल है कि जब मॉनसून आ चुका है, तो दिल्ली में झमाझम बारिश कब होगी और उमस से राहत कब मिलेगी?
दिल्ली में बारिश क्यों नहीं हो रही? जानिए वजह
दिल्ली में मॉनसून आ चुका है, लेकिन बारिश अब तक खुलकर नहीं बरस रही। मौसम से जुड़े जानकारों का कहना है कि इसकी वजह दिल्ली का मौसम नहीं, बल्कि देश के दूसरे हिस्सों में बना मौसम का सिस्टम है।
स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत का कहना है कि मध्य प्रदेश के ऊपर बने मौसम के सिस्टम और ओडिशा के पास बने लो-प्रेशर एरिया ने बारिश की लाइन को मध्य भारत की तरफ खींच ली। इसी कारण दिल्ली में मॉनसून पहुंचने के बावजूद बारिश लगातार नहीं हो पा रही।
अब मौसम में बदलाव के संकेत दिख रहे हैं और माना जा रहा है कि बारिश वाली यह लाइन धीरे-धीरे फिर से दिल्ली और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की ओर लौट सकती है। अगर ऐसा होता है, तो आने वाले दिनों में दिल्ली के कई हिस्सों में अच्छी और लगातार बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे उमस और गर्मी से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट, बारिश की उम्मीद
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने सोमवार के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में ठीक-ठाक बारिश हो सकती है।
हालांकि सोमवार सुबह दिल्ली में गर्मी और उमस बनी रही। बारिश के अनुमान के बावजूद लोगों को चिपचिपी गर्मी महसूस हुई। IMD के अनुसार, दिल्ली में दिन का तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
रविवार को गर्मी ने किया परेशान
रविवार को दिल्ली में गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। दिन का तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। यह पिछले दो साल में जुलाई का सबसे गर्म दिन रहा।
इससे पहले 11 जुलाई 2024 को जुलाई में तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। रविवार को रात का तापमान भी 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा था। यानी रात में भी लोगों को खास राहत नहीं मिली।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: अल-नीनो से बिगड़ सकता है मौसम, WMO ने भारत में गर्मी और सूखे को लेकर किया अलर्ट
रविवार दोपहर दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में बारिश हुई। छतरपुर में सबसे ज्यादा 49 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गुरुग्राम में 35 मिलीमीटर, महरौली में 18 मिलीमीटर, ग्रेटर नोएडा में 17 मिलीमीटर, नजफगढ़ में 8 मिलीमीटर और जनकपुरी में 7 मिलीमीटर बारिश हुई।
बारिश से कुछ देर के लिए लोगों को राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर पानी भर गया। इससे ट्रैफिक धीमा हो गया और लोगों को परेशानी हुई। शाम 5:30 बजे तक हवा में नमी 92 फीसदी तक पहुंच गई थी, जिसकी वजह से मौसम और ज्यादा उमस भरा लग रहा था।
जून में भी कम हुई बारिश
दिल्ली में जून के महीने में भी सामान्य से कम बारिश हुई। 1 जून से 30 जून के बीच शहर में 74.1 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन सिर्फ 32.91 मिमी बारिश हुई। यानी जून में दिल्ली में 55.6 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।
अब उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में बारिश वाली लाइन उत्तर भारत की तरफ लौटेगी। ऐसा होने पर दिल्ली में अच्छी और लगातार बारिश हो सकती है।