दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द, राजधानी समेत इन एक्सप्रेस ट्रेनों पर असर, देखें पूरी लिस्ट
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे ने राजधानी समेत कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। वहीं, दिल्ली मेट्रो पर भी पाबंदियों की आशंका है। जानिए किन ट्रेनों पर पड़ेगा असर और क्या है पूरा मामला।

In Short
- दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया।
- राजधानी, तेजस, गरीब रथ और अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।
- दिल्ली के करीब 40 मेट्रो स्टेशनों पर भी पाबंदियां लगने की आशंका, पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी।
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने इसकी वजह दोनों स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका बताई है।
10 अक्टूबर को दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के चलते रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द करने का फैसला किया है।
रेलवे के 9 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली ऐसी सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिन्हें शनिवार यानी 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचना था।
राजधानी, तेजस और अमृत भारत एक्सप्रेस भी रद्द
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। इनमें ट्रेन नंबर 20801 मगध एक्सप्रेस, 12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और 22361 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा ट्रेन नंबर 12877 रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस की 9 अक्टूबर की यात्रा भी रद्द कर दी गई है। मध्य रेलवे ने ट्रेन नंबर 22221 मुंबई CSMT-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस को भी रद्द करने की जानकारी दी है। वहीं, सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12313) भी 9 अक्टूबर को नहीं चलेगी।
करीब 40 मेट्रो स्टेशनों पर भी लग सकती हैं पाबंदियां
दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए करीब 40 मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियां लगाने या उन्हें बंद करने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे पहले जुलाई में हुए प्रदर्शन के दौरान करीब 16 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए थे।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी
CJP और कुछ छात्र संगठनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
जॉइंट पुलिस कमिश्नर नूपुर प्रसाद के मुताबिक, प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन 7 अक्टूबर को मिला था, जबकि नियमों के अनुसार कम से कम 10 दिन पहले आवेदन देना जरूरी है।
धारा 163 लागू, यात्रियों के लिए सलाह
डीसीपी सृष्टि पांडे ने बताया कि नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू है। ऐसे में बिना अनुमति किसी भी प्रदर्शन या भीड़ जुटाने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले RailOne या NTES ऐप पर अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करें, ताकि यात्रा के दौरान परेशानी से बच सकें।