दिल्ली में 13 अगस्त को ट्रैफिक डायवर्जन! इन रास्तों पर जाने से बचें, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है कि कई प्रमुख सड़कों पर सुबह 4 बजे से 10 बजे तक आवाजाही बंद या सीमित रहेगी और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव रहेगा। लाल किले पर 15 अगस्त के समारोह की फुल-ड्रेस रिहर्सल गुरुवार, 13 अगस्त को होगी। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। कई प्रमुख सड़कों पर सुबह 4 बजे से 10 बजे तक आवाजाही बंद या सीमित रहेगी और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा।

लाल किले के आसपास इन सड़कों पर रोक

एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक तक नेताजी सुभाष मार्ग, GPO दिल्ली से छत्ता रेल चौक तक लोथियन रोड और H.C. सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक S.P. मुखर्जी मार्ग पर केवल लेबल लगे वाहनों को जाने की अनुमति होगी।

फाउंटेन चौक से लाल किले तक चांदनी चौक रोड, रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक निषाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और उसकी लिंक रोड के साथ राजघाट से ISBT कश्मीरी गेट तक रिंग रोड पर भी पाबंदियां रहेंगी।

इन इलाकों से बचने की सलाह

जिन वाहनों के पास रिहर्सल पार्किंग लेबल नहीं है, उन्हें C-Hexagon इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड और BSZ मार्ग से बचने को कहा गया है। पुलिस ने नेताजी सुभाष मार्ग, J.L. नेहरू मार्ग और निजामुद्दीन खट्टा से ISBT कश्मीरी गेट तक रिंग रोड का इस्तेमाल न करने की भी सलाह दी है।

 ये वैकल्पिक रास्ते रहेंगे खुले

उत्तर-दक्षिण यात्रा के लिए अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।

पूर्व-पश्चिम आवाजाही के लिए NH-24/NH-9, बारापुला रोड और रिंग रोड विकल्प रहेंगे। ट्रांस-यमुना से उत्तर दिल्ली जाने वाले यात्री पुस्ता रोड, GT रोड और युधिष्ठिर सेतु के जरिए ISBT कश्मीरी गेट पहुंच सकते हैं।

कमर्शियल वाहन और बसों पर भी असर

निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच कमर्शियल वाहनों की एंट्री 12 अगस्त की आधी रात से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक बंद रहेगी। इसी दौरान महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच अंतरराज्यीय बसें भी नहीं चलेंगी। स्थानीय और DTC बसों को प्रभावित रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा।

Read more!
Advertisement