दिल्ली से बिहार जाना होगा आसान! पटना समेत 13 शहरों और क्षेत्रों तक मिलेगी सीधी बस सेवा

दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों को बड़ी सौगात मिली है। दोनों राज्यों के बीच सफर को आसान बनाने के लिए सरकारों ने अहम समझौता किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट से बस सेवाओं का शुभारंभ किया। जानिए इस पहल से किन शहरों के यात्रियों को फायदा मिलेगा।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं का शुभारंभ।
  • 18 बस रूटों के संचालन के लिए दोनों राज्य सरकारों के बीच हुआ समझौता।
  • बिहार के 13 शहरों और क्षेत्रों तक होगा सीधी बस सेवाओं का विस्तार।

By Urvashi Raghav:

दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उनके लिए अपने घर जाना और अपनों से मिलना पहले से आसान होगा। दिल्ली और बिहार के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए दोनों राज्य सरकारों ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत अंतरराज्यीय बस सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इस पहल से बिहार के कई प्रमुख शहरों और क्षेत्रों तक दिल्ली से सीधी बस सेवा का फायदा मिलेगा।

कश्मीरी गेट से बस सेवाओं का शुभारंभ

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट से दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 18 बस रूटों के संचालन के लिए दिल्ली और बिहार सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मकसद दोनों राज्यों के बीच लोगों के आने-जाने की सुविधा को बेहतर बनाना है।

Image Credit: @gupta_rekha (X)

बिहार के इन शहरों तक मिलेगी सीधी बस सेवा

दिल्ली से बिहार के 13 शहरों और क्षेत्रों तक सीधी बस सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इनमें पटना, गया जी, दरभंगा, मधुबनी और भागलपुर जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। इस पहल से दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों को अपने घर तक पहुंचने के लिए सीधी बस सेवा का विकल्प मिलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जब भी लोगों का अपने परिवार और अपनों से मिलने का मन हो, वे आसानी से अपने घर जा सकें, यही सरकार का प्रयास है।

दिल्ली के विकास में बिहार के लोगों का अहम योगदान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के विकास में बिहार के लोगों के योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने अपने परिश्रम से दिल्ली को संवारा है और अपनी संस्कृति से दिल्ली को समृद्ध किया है। उनकी खुशियों में बिहार भी है और दिल्ली भी। दोनों राज्यों के बीच का सफर आसान बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

बिहार सरकार का जताया आभार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल के लिए बिहार सरकार का आभार जताया। बस सेवाओं के शुभारंभ और समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत भी मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में अन्य गणमान्य लोगों ने भी हिस्सा लिया। दोनों राज्य सरकारों की इस पहल का उद्देश्य लोगों के सफर को सुविधाजनक बनाना है।

Read more!
Advertisement