शादी में ₹13 लाख की Brezza नहीं मिली तो पुलिस कांस्टेबल ने तोड़ा रिश्ता! दुल्हन के परिवार ने की शिकायत
सोनीपत में शादी के दिन दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल पर कार की मांग को लेकर रिश्ता तोड़ने का आरोप लगा है। दुल्हन के परिवार ने पहले ही लाखों रुपये की कार बुक कराई थी, लेकिन दूल्हे की दूसरी मांग ने पूरा मामला बिगाड़ दिया। जानिए आखिर शादी में क्या हुआ।

In Short
- ₹13 लाख की Brezza नहीं मिलने पर शादी छोड़ने का आरोप
- दुल्हन के परिवार ने पहले बुक कराई थी ₹9.5 लाख की Hyundai Aura
- दूल्हे और उसकी माँ के खिलाफ पुलिस में शिकायत, सुलह की कोशिश जारी
हरियाणा के सोनीपत में शादी के दिन एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल पर आरोप है कि उसने शादी में करीब 13 लाख रुपये की Maruti Brezza कार नहीं मिलने पर शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन के परिवार ने पहले दूल्हे के लिए 9.5 लाख रुपये की Hyundai Aura बुक कराई थी, लेकिन दूल्हे को यह कार पसंद नहीं आई। आरोप है कि शादी वाले दिन दूल्हा अपनी माँ के साथ कार्यक्रम स्थल से चला गया। अब दुल्हन के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
छह महीने पहले तय हुई थी शादी
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, यह शादी 20 नवंबर को सोनीपत के ममचंद वाटिका में होनी थी। दोनों परिवारों के बीच करीब छह महीने पहले रिश्ता तय हुआ था। दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने दूल्हे कुलदीप के लिए Hyundai Aura कार बुक कराई थी।
लेकिन कुलदीप ने यह कहते हुए कार लेने से इनकार कर दिया कि उसे Aura पसंद नहीं है। उसने इसके बजाय Maruti Brezza की मांग की। सुभाष कुमार के मुताबिक, उन्होंने Aura की बुकिंग कैंसिल कर दी और Brezza खरीदने की कोशिश शुरू की। हालांकि, कुछ शोरूम में कार उपलब्ध नहीं होने के कारण वह इसका इंतजाम नहीं कर सके।
कार के अलावा सोने के गहने और फर्नीचर का भी इंतजाम
दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने दूल्हे के परिवार के लिए अच्छी क्वालिटी का फर्नीचर भी तैयार कराया था। इसमें सोफा और अलमारी जैसी चीजें शामिल थीं।
इसके अलावा दूल्हे के लिए दो तोले की सोने की चेन, उसकी माँ के लिए चार तोले के सोने के झुमके और चांदी की पायल का भी इंतजाम किया गया था।
सुभाष कुमार का दावा है कि दूल्हे के परिवार ने उसके भाई और भाभी के लिए भी गहनों की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने सुनार को गहने बनाने का ऑर्डर दे दिया था।
घोड़ी और DJ का खर्च भी दुल्हन के परिवार ने उठाया
शिकायत के मुताबिक, दूल्हे के परिवार के कहने पर सुभाष कुमार ने शादी के लिए 11,000 रुपये में सजी हुई घोड़ी और 13,500 रुपये में DJ का इंतजाम किया था। उनका कहना है कि आमतौर पर ये खर्च दूल्हे के परिवार को उठाने थे, लेकिन उन्होंने खुद इसका इंतजाम किया।
शादी वाले दिन मां के साथ लौट गया दूल्हा
सुभाष कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को शाम करीब 7:15 बजे कुलदीप अपनी माँ के साथ सामान्य कपड़ों में शादी स्थल पर पहुंचा। आरोप है कि जब उसे वहां Brezza कार नहीं मिली तो वह नाराज हो गया और दुल्हन के पिता समेत परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ गाली-गलौज करने लगा।
दुल्हन के पिता ने कुलदीप और उसकी माँ को समझाने की कोशिश की और शादी की रस्में पूरी करने की अपील की। लेकिन कई बार मनाने के बावजूद दोनों कार्यक्रम स्थल से चले गए।
पुलिस के पास पहुंचा मामला
सोनीपत के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस जितेंद्र गहलावत ने सोमवार को बताया कि दुल्हन के परिवार की ओर से शिकायत मिली है।
पुलिस के मुताबिक, परिवार ने समुदाय के लोगों की मदद से विवाद सुलझाने के लिए एक दिन का समय मांगा है। परिवार ने तब तक पुलिस से कोई कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।