दिवाली-छठ पर बिहार जाने वालों को राहत! इस रूट पर रेलवे चलाएगी Vande Bharat Special - चेक करें डिटेल्स

दिवाली और छठ पर दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में यात्रियों के लिए रेलवे एक नया ऑप्शन लाने की तैयारी में है। दिल्ली-पटना रूट पर वंदे भारत स्पेशल का प्रस्ताव भेजा गया है। जानिए इसकी टाइमिंग, किराया और संभावित तारीखें।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली से पटना के बीच वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है।
  • ट्रेन करीब 994 किलोमीटर का सफर लगभग 13 घंटे में पूरा कर सकती है।
  • रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद ही IRCTC पर टिकट की बुकिंग शुरू होगी।

By Sonam:

दिवाली और छठ के आसपास दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन का कन्फर्म टिकट मिलना बड़ी चुनौती बन जाता है। इस बार भी हाल कुछ ऐसा ही है। रेगुलर ट्रेनों में बुकिंग शुरू होते ही सीटें तेजी से भर गईं। कई ट्रेनों में टिकट बुकिंग Regret हो चुकी है, जबकि कई में वेटिंग लिस्ट इतनी लंबी है कि टिकट कन्फर्म होने की उम्मीद बेहद कम है।

ऐसे में रेलवे दिल्ली से पटना के बीच वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, अभी इस ट्रेन को रेलवे बोर्ड से अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। उत्तर रेलवे ने इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। मंजूरी मिलने के बाद ही इसकी बुकिंग शुरू होगी।

21 अक्टूबर से चल सकती है वंदे भारत स्पेशल

प्रस्ताव के मुताबिक, दिल्ली और पटना के बीच वंदे भारत स्पेशल की सेवाएं 21 अक्टूबर से 28 नवंबर के बीच चलाई जा सकती हैं। इसके लिए दो जोड़ी ट्रेनों का प्रस्ताव दिया गया है।

पहली जोड़ी 02252/02251 नई दिल्ली से 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलाने का प्रस्ताव है। नई दिल्ली से ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। पटना से वापसी 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को प्रस्तावित है। इसके कुल 16 फेरे प्रस्तावित हैं।

दूसरी जोड़ी 02253/02254 को पटना से 24 अक्टूबर से 28 नवंबर तक चलाने का प्रस्ताव है। पटना से ट्रेन शनिवार, सोमवार और बुधवार को चलेगी। वहीं नई दिल्ली से इसकी वापसी रविवार, मंगलवार और गुरुवार को प्रस्तावित है।

13 घंटे में दिल्ली से पटना का सफर

वंदे भारत स्पेशल करीब 994 किलोमीटर का सफर लगभग 13 घंटे में पूरा करेगी। प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे रवाना होगी और रात करीब 9:30 बजे पटना पहुंचेगी।

रास्ते में ट्रेन अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में रुकेगी।

Image Credit : Aaj Tak

पटना से कब रवाना होगी ट्रेन?

वापसी में ट्रेन पटना से सुबह 10 बजे रवाना हो सकती है। यह दोपहर करीब 3:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी और रात करीब 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचने का प्रस्ताव है। यानी यात्री सुबह पटना से निकलकर उसी रात दिल्ली पहुंच सकेंगे।

कितना हो सकता है टिकट का किराया?

रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने पर एसी चेयर कार का भोजन सहित किराया करीब ₹2,575 से ₹2,600 हो सकता है। वहीं एग्जीक्यूटिव चेयर कार में भोजन सहित किराया करीब ₹4,650 से ₹4,680 रहने का प्रस्ताव है।

यात्रियों को टिकट बुक करते समय ही भोजन का विकल्प चुनना होगा। अगर यात्री भोजन नहीं लेते हैं तो टिकट की कीमत कुछ कम हो सकती है।

अभी बुक कर सकते हैं टिकट?

फिलहाल इस वंदे भारत स्पेशल के टिकट बुक नहीं किए जा सकते। ट्रेन अभी प्रस्तावित है और रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ के मुताबिक, मंजूरी मिलने के बाद IRCTC पर इसकी बुकिंग शुरू होगी।

दिवाली और छठ के दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाते हैं। इसी वजह से इस दौरान रेगुलर ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल को भी त्योहारों की इसी भीड़ को देखते हुए चलाने का प्रस्ताव दिया गया है।

Read more!
Advertisement